अनूपपुर में दंतैल हाथी का उत्पात, 4 घरों में तोड़फोड़:फसल और अनाज को भी नुकसान; किसान बोले- पिछले 50 दिनों से गांव में ही घूम रहा

अनूपपुर में दंतैल हाथी का उत्पात, 4 घरों में तोड़फोड़:फसल और अनाज को भी नुकसान; किसान बोले- पिछले 50 दिनों से गांव में ही घूम रहा

अनूपपुर जिले में एक दंतैल हाथी का उत्पात जारी है। मंगलवार- बुधवार की रात हाथी ने खांडा गांव में घुसकर चार ग्रामीणों के कच्चे मकानों को ढहा दिया और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया। यह हाथी पिछले 51 दिनों से इलाके में विचरण कर रहे तीन हाथियों के दल का हिस्सा है, जो अब ग्रामीण क्षेत्रों में तबाही मचा रहा है। वहीं बुधवार रात करीब 8 बजे भी यह हाथी खांडा ग्राम पंचायत के जंगल किनारे गांव के वार्ड क्रमांक-5 में लाल जी सिंह के घर के पास खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। हाथी ने खांडा गांव में घर तोड़े और फसल नष्ट की वन विभाग के अनुसार, सोनमौहरी बीट में आठ दिन बिताने के बाद यह अकेला दंतैल हाथी सेंदुरी और बेलापार होते हुए भोलगढ़ के रास्ते खांडा के जंगल पहुंचा था। रात होते ही इसने गांव के वार्ड क्रमांक 5 में धावा बोल दिया। हाथी ने ग्रामीण शंकर राठौर, राम सिंह, हीरामन पाव और सोनू सिंह पाव के मकानों में तोड़फोड़ की और घरों में रखा अनाज खा गया। इसके बाद सीताराम राठौर और शंकर राठौर के खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के घेराव से फसल पैरों तले कुचली जा रही वर्तमान में तीन हाथी दो अलग-अलग समूहों में बंटकर जैतहरी और अनूपपुर वन परिक्षेत्र में डटे हुए हैं। वन विभाग के अमले का कहना है कि जब हाथी को भगाने के लिए उसे चारों ओर से घेरा जाता है, तो वह उसी क्षेत्र में बार-बार भागदौड़ करता है। इससे फसलों को हाथी के खाने से ज्यादा उसके पैरों तले कुचले जाने से नुकसान हो रहा है। वहीं, दल के अन्य दो हाथी पिछले 10 दिनों से जैतहरी के धनगवां बीट के जंगलों में डेरा जमाए हुए हैं और फिलहाल रात में जंगल से बाहर नहीं निकल रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *