नीतीश कुमार के हिजाब खींचने पर भड़कीं जायरा वसीम:दंगल गर्ल ने पोस्ट लिखकर सीएम को लगाई फटकार, बोलीं- बिना शर्त माफी मांगें

सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो बहुत वायरल रहा, जिसमे वो महिला डॉक्टर को प्रमाण पत्र देते वक्त उसके चेहरे से हिजाब खींच देते हैं। उनके इस एक्ट पर सियासी घमासान तो मचा ही, इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भी रिएक्शन आया। दंगल फेम जायरा वसीम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नीतीश कुमार पर अपना गुस्सा निकाला है। जायरा ने अपने एक्स अकाउंट पर नीतीश कुमार को टैग करके लिखा- ‘एक महिला की गरिमा और मर्यादा कोई खिलौना नहीं है, जिससे खिलवाड़ किया जा सके। खासकर पब्लिक स्टेज पर तो बिल्कुल भी नहीं। एक मुस्लिम महिला होने के नाते, किसी दूसरी महिला के नकाब को इतनी लापरवाही से खींचते हुए देखना और साथ ही उस बेपरवाह मुस्कान को देखना, बहुत ही आक्रोश जनक था। पावर सीमाओं का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं देती है। @NitishKumar को उस महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।’ जायरा के इस पोस्ट पर यूजर्स की मिली जुली प्रतिक्रिया आ रही है। राहुल नाम के एक यूजर ने सीएम के सपोर्ट में लिखा- ‘नीतीश कुमार का हिजाब खींचना देखने में अपमानजनक लग सकता है लेकिन सच कहूं तो मुझे एक पिता तुल्य व्यक्ति की तरह लग रहा है। जो भले ही थोड़े अटपटे तरीके से एक युवा डॉक्टर को यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसे अपना चेहरा छुपाने की जरूरत नहीं है। वो वहां गरिमा और समान स्थान के साथ खड़ी है।’ राजेश नाम के एक यूजर ने लिखा- ‘धार्मिक एंगल को हटा भी दें तो भी, जबरदस्ती खींचना बेहद अपमानजनक लगता है। वो उससे सीधे पूछ सकते थे।’ जायरा वसीम की एक्टिंग करियर की बात करें तो उन्हें सिर्फ 16 साल की उम्र में फिल्म दंगल (2016) से पहचान मिली थी। उन्हें फिल्म में पहलवान गीता फोगाट के बचपन के रोल के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड फॉर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस भी मिला था। इसके बाद वो सीक्रेट सुपरस्टार (2017) में नजर आईं। इस फिल्म में भी शानदार परफॉर्मेंस के लिए उनकी तारीफ हुई थी। हालांकि 2019 में उन्होंने अचानक फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा था कि एक्टिंग उनके ईमान और धर्म से टकराती है। अपने नोट में उन्होंने लिखा था, “इस फील्ड ने मुझे प्यार और पहचान दी, लेकिन इसने मुझे धीरे-धीरे मेरे ईमान से दूर कर दिया।” इसके बाद से वो फिल्मों और पब्लिक लाइफ से दूर रहीं। वो सोशल मीडिया पर सिर्फ धर्म और अध्यात्म से जुड़ी बातें शेयर करती हैं। दो महीने पहले ही जायरा ने निकाह किया है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करके दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *