पलवल के होडल थाना क्षेत्र में एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके कुंडल और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। होडल थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिव कॉलोनी होडल निवासी राजबाला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह शाम को सब्जी लेने घर से निकली थीं। गोढोता चौक अंडरपास के पास एक युवक ने उन्हें रोका और किसी गाबा डॉक्टर के बारे में पूछने लगा। अचानक महिला के ऊपर कपड़ा झाड़ा महिला के मना करने पर युवक ने उन्हें पास बुलाया और अचानक उन पर एक कपड़ा झाड़ दिया। राजबाला के अनुसार, कपड़े के संपर्क में आते ही वह अचेत सी होकर वहीं बैठ गईं। जब उन्हें होश आया, तो उनके कानों के कुंडल और जेब में रखे करीब 1100 रुपये गायब थे। घटना के बाद महिला ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन महिला को लेकर होडल थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


