कुशीनगर एक्सप्रेस में दोस्तों के सामने युवक की मौत:झांसी में शव को उतारा गया, दोस्त बोले- हिचकी आने के बाद जान चली गई

कुशीनगर एक्सप्रेस में दोस्तों के सामने युवक की मौत:झांसी में शव को उतारा गया, दोस्त बोले- हिचकी आने के बाद जान चली गई

झांसी में कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन में दो दोस्तों के सामने एक युवक की मौत हो गई। तीनों मुंबई से यात्रा करते हुए बस्ती जा रहे थे। झांसी में युवक को अचानक 3 से 4 हिचकी आई और उसकी जान चली गई। दोस्त उसे बेहोश समझ रहे थे, मगर झांसी रेलवे स्टेशन पर डॉक्टरों ने चेकअप के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। अब जीआरपी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा रही है। मुंबई में प्राइवेट कंपनी में लेबर इंचार्ज था मृतक का नाम फूलचंद्र निषाद (45) पुत्र रामप्यारे था। वह बस्ती जिले क्वार्टरगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का रहने वाला था। मृतक के दोस्त बलराम ने बताया- फूलचंद्र मुम्बई की सुरक्षा स्मार्ट सिटी कंपनी में लेबर इंचार्ज था। मैं और तिलकराम भी काम करते थे। वहां फूलचंद्र काफी खुश रहता था। खेती का समय है। बुवाई के लिए हम तीनों घर लौट रहे थे। कुशीनगर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हो गए। रास्ते में मंगलवार रात को झांसी से लगभग 5 किलोमीटर पहले अचानक फूलचंद की हालत बिगड़ गई। उनको 3 से 4 हिचकी आई और वो बेसुध हो गए। तब सीट खाली करके उनको लिटा दिया। रेलवे के कंट्रोल रूम में सूचना दी। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम आ गई और फूलचंद्र को मृत घोषित कर दिया। 5 बेटियां, दो की शादी कर चुके थे फूलचंद्र की मौत के बाद परिजन सदमे में हैं। उनकी 5 बेटियां हैं। खुशबू और प्रियंका की शादी हो चुकी है। वहीं, रिंकी, पूनम और रूनम अविवाहित है। फूलचंद्र तीसरे नंबर की बेटी की शादी करने की तैयारी में थे। उसके लिए लड़का देख रहे थे। उससे पहले ही पिता की मौत होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जीआरपी थाना प्रभारी रावेन्द्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *