Women’s Premier League 2025: वूमेंस प्रीमियर लीग 2025 के एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस वूमेंस ने गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली, जहां उनका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
DCW vs MIW WPL 2025 Final: हेली मैथ्यूज ने 77 रन की पारी और 31 रन देकर 3 विकेट के आलराउंड प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को ब्रेबोर्न स्टेडियम में एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 47 रन से हराकर महिला प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उनका मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। हेली और नैट साइवर-ब्रंट की 77-77 रनों की पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर की 36 रनों की शानदार पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। बाद में गुजरात की पारी के दौरान वेस्टइंडीज की कप्तान ने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से कमाल दिखाया और तीन विकेट चटकाए और गुजरात की टीम को 19.2 ओवर में 166 रन पर ढेर कर दिया।
उन्हें अमेलिया केर का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा नैट और शबनम इस्माइल को भी सफलता मिली। अब मुंबई इंडियंस शनिवार को डीसी के खिलाफ फाइनल में खिताबी मुकाबले में खेलेगी। मुंबई को शबनम ने पहले ही ओवर में पहली सफलता दिलाई। उन्होंने बेथ मूनी को हेली के हाथों पहली स्लिप पर कैच आउट कराया। हरलीन देओल और डेनियल गिब्सन ने साझेदारी में पांच चौके लगाए। हालांकि, संस्कृति गुप्ता और यास्तिका भाटिया ने मिलकर हरलीन को रन आउट किया।
हेली ने एश्ले गार्डनर को आठ रन पर आउट करके गुजरात की मुश्किलें बढ़ा दीं। डेनियल और फोबे लिचफील्ड ने कुछ बाउंड्री लगाई, लेकिन इससे जरूरी रन रेट लगातार बढ़ रहा था। डीप मिड-विकेट से अमनजोत कौर के दमदार थ्रो पर डेनियल (34) रन आउट हो गईं। फोबे भी अमेलिया की गुगली को चूक गईं और 31 रन पर स्टंप हो गईं। गफलत के कारण काशवी गौतम के रन आउट होने के बाद, भारती फुलमाली और सिमरन शेख ने लगातार बाउंड्री लगाकर इस मुश्किल घड़ी को टालने की कोशिश की, लेकिन हेली ने उनका ऑफ-स्टंप उड़ा दिया। इसके बाद, अमेलिया, नैट और हेली ने एक-एक विकेट लिया और मुंबई को दूसरी बार फाइनल में जगह दिलाई।
तीसरी बार फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स
आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची है और इससे पहले दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई इंडियंस ने 2023 में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर पहले सीजन की खिताब जीता। 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से दिल्ली कैपिटल्स को हार का सामना करना पड़ा था। अब फिर से मुंबई और दिल्ली आमने सामने होंगी। देखना ये है कि क्या इस बार नया चैंपियन मिलेगा या मुंबई फिर से खिताब पर कब्जा करेगी। खिताबी मुकाबला 15 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें: लक्ष्य सेन ने किया कमाल, डिफेंडिंग चैंपियन को हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन के क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह
Sports – Patrika | CMS
No tags for this post.