अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के सालपुर गांव में 27 साल की महिला की झोलाछाप डॉक्टर के कारण मौत हो गई। महिला का पति उसे दो बार झोलाछाप डॉक्टर के पास लेकर गया। झोलाछाप डॉक्टर ने कुछ दवा दी और ग्लूकोज चढ़ाई। लेकिन रात को अचानक तबीयत बिगड़ी। फिर परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर आए। लेकिन डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला रीना देवी के पति मंगल सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी रीना की शनिवार शाम को तबीयत बिगड़ी। उसे मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के केरवा जाट स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर गया। वहां झोलाछाप डॉक्टर ने दवा दी और ग्लूकोज की बोतल चढ़ाई। फिर कुछ देर बाद घर भेज दिया गया। रविवार सुबह करीब 3 बजे रीना की अचानक तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद पति उसे सालपुर स्थित एक अन्य मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचा, जहां एक टैबलेट देने के बाद महिला को अलवर जिला अस्पताल लेकर आए।
अलवर अस्पताल आते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का पति मंगल सिंह बेलदारी का कार्य करता है। रीना के छोटे-छोटे चार बच्चे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


