पत्नी-बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, VIDEO:मंदसौर में पति ने कोर्ट से लौटकर की वारदात; पीड़िता बोली- बंदूक दिखाकर धमकाया

पत्नी-बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, VIDEO:मंदसौर में पति ने कोर्ट से लौटकर की वारदात; पीड़िता बोली- बंदूक दिखाकर धमकाया

मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा में शनिवार शाम करीब 6 बजे एक शख्स ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब उसकी बुआ बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं और जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हैं। घटना का VIDEO सामने आया है, जिसमें आरोपी आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। दहेज केस की सुनवाई के बाद वारदात
पीड़िता ममता (35) ने बताया कि उसने अपने पति राजूनाथ (40) के खिलाफ नवंबर 2024 में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि पति ने 5 लाख रुपए की मांग की थी। रकम नहीं मिलने पर घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। इसी केस की 9 जनवरी को सीतामऊ कोर्ट में सुनवाई हुई थी। पेशी के बाद ममता अपनी बुआ कासूबाई (60) के घर पीपलखूंटा गांव चली गई थी। महिला के मुताबिक इस मामले में 2 से 3 बार कोर्ट में पेशी हो चुकी है। ममता पिछले करीब एक साल से पति से अलग रह रही थी। देखिए तस्वीरें… कोर्ट से लौटते समय पति पेट्रोल लेकर पहुंचा
शनिवार शाम कोर्ट से लौटने के बाद पति पीपलखूंटा पहुंचा। पहले उसने पत्नी ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब बुआ कासूबाई उसे बचाने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार ममता का चेहरा, छाती और पेट करीब 35 फीसदी झुलस चुका है, जबकि कासूबाई की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पीड़िता बोली– ‘पति ने बंदूक दिखाकर धमकाया’
ममता ने बताया कि मैं 9 जनवरी को बुआ के घर गई थी। पापा-मम्मी भी साथ थे। तभी पति अचानक पीछे से आया और बंदूक दिखाकर धमकी देने लगा कि वह पूरे घर को फोड़ देगा। उसने मुझे पास बुलाया, मैंने मना किया। इसके बाद उसने मुझ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मैं इंसाफ चाहती हूं। मुझे डर है कि वह मेरे मम्मी-पापा को भी नुकसान पहुंचा सकता है।” पिता का आरोप– पुलिस ने नहीं सुनी चेतावनी
पीड़िता के पिता रामसिंह नाथ ने बताया कि तीन महीने पहले उन्होंने सुवासरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। “हमने तत्कालीन थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति को बताया था कि दामाद पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दे रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय रहते पुलिस कदम उठाती, तो मेरी बेटी आज इस हालत में नहीं होती।” पुलिस ने कहा- केस दर्ज, आरोपी फरार
वर्तमान टीआई नाहरगढ़, वरुण तिवारी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। सुवासरा के पूर्व टीआई से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *