काम पूरा हुआ तो नाचने लगे SDM:बैनर पर नहीं लगाई MLA की फोटो; वकील से बोले SHO-‘खोपड़ा खराब है क्या?’

काम पूरा हुआ तो नाचने लगे SDM:बैनर पर नहीं लगाई MLA की फोटो; वकील से बोले SHO-‘खोपड़ा खराब है क्या?’

नमस्कार अजमेर में पोस्टर पर एक विधायक अपना फोटो न पाकर नाराज हो गईं। उन्होंने मंच से सरकारी सिस्टम को खरी-खरी सुनाई। जोधपुर में वकील से बदतमीजी करने वाले SHO को सस्पेंड कर दिया गया। उदयपुर में APO हुए डॉक्टर से बच्चे लिपटकर रोने लगे। लोगों ने रो-रोकर उन्हें रोकने की कोशिश की। चौमूं में SIR का काम पूरा होने के बाद SDM ने जमकर डांस किया। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. पोस्टर में फोटो नहीं लगाया तो नाराज हुईं विधायक ऐसा कौन सा प्रोटोकॉल है जिसमें विधानसभा क्षेत्र के विधायक का ही फोटो न लगाया जाए? इसी सवाल ने अजमेर विधायक महोदया को नाराज कर दिया। समर्थकों ने भी कान भरे- बताओ मैडम, आपका फोटो नहीं लगाया। एकाध मंच पर भी चढ़ गए। बोले- हटाओ इसे, ये बैनर नहीं चलेगा। अजमेर में खेल मैदान में श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर योजना को लेकर कार्यक्रम था। मैडम ने इस स्कीम के लिए बहुत मेहनत की थी। लेकिन उनका फोटो नहीं लगा। अपनी ही पार्टी, अपनी ही सरकार। फिर भी फोटो गायब। ज्यादा तकलीफ हुई। मंच पर बोलने का मौका मिला तो मैडम ने भी सरकारी तंत्र पर भड़ास निकाल दी। कहा- सरकारी सिस्टम में इतना जंग लग गया है कि हर बार धक्का देना पड़ता है। इस दौरान मंच पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा और विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी मौजूद थे। 2. थाने में वकील-पुलिस जंग वकीलों को लगता है कि उनका ओहदा बड़ा है क्योंकि वे लोगों को न्याय दिलाते हैं। पुलिस को लगता है कि उनका ओहदा बड़ा है क्योंकि न्याय उनकी जेब में पड़ा है। जोधपुर के एक प्रकरण में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए वकील थाने पहुंच गए। वहां एक पुलिसवाले ने वकील को हड़का दिया। वकील शिकायत करने SHO के पास पहुंच गया। पुलिस को खुद के खिलाफ शिकायत सुनने की आदत नहीं। वकील ने सीधे कुछ पुलिसकर्मियों के ऑन ड्यूटी वर्दी में न होने की बात कह दी। SHO साहब भड़क उठे। जवाब फेंककर मारा- तुम कौन होते हो सवाल पूछने वाले। वकील ने ढाल आगे की- नागरिक होने के नाते मेरा अधिकार है पूछना। इसका जवाब देने के बजाय SHO साहब ने वकील के मस्तिष्क को लेकर सवाल किया- तेरा खोपड़ा खराब है क्या? दो मिनट में तमीज सिखा दूंगा। इसके बाद खाकी ने काले कोट को धकेल दिया और 151 में बंद करने की धमकी दे दी। बाद में उच्च अधिकारियों ने पुलिसवाले की जेब से न्याय को निकाला, सही स्थान पर रखा और SHO को सस्पेंड कर दिया। 3. डॉक्टर के पैर छूकर रोने लगे लोग बशीर बद्र साहब का शेर है- सर झुकाओगे तो पत्थर देवता हो जाएगा…इतना मत चाहो उसे वो बेवफा हो जाएगा। उदयपुर के डॉक्टर साहब का ट्रीटमेंट का अलग ही अंदाज है। वे मरीज से उसके लेवल पर जाकर बात करते हैं। बच्चों के साथ बच्चे बन जाते हैं। बीमारी से जूझ रहे बुजुर्ग के साथ बूढ़े हो जाते हैं। मरीज की आर्थिक स्थिति भांप कर उसका मोटा खर्चा नहीं कराते। मरीजों को अटैंड करते वक्त गुदगुदाने वाली हल्की-फुल्की मजाक कर लेते हैं। वे धन के लिए डॉक्टरी पेशा नहीं कर रहे। लिहाजा कहीं न कहीं खटक रहे होंगे। ऐसी ही किसी खट-पट के कारण उन्हें APO कर दिया गया। समाचार गांव में जंगल की आग की तरह फैल गया। बच्चे डॉक्टर से लिपट कर रोने लगे। महिलाएं उन्हें देवता बताकर पैरों पर झुकने लगीं। पूरा गांव इकट्‌ठा हो गया और ‘क्या कभी अंबर से सूर्य बिछड़ता’ गीत के दृश्य की तरह बाहुबली डॉक्टर के लिए महिष्मती वाला झरना बहाने लगा। डॉक्टर साहब बहुमुखी प्रतिभा के धनी निकले। डॉक्टरी का गुर तो है ही। तगड़े इन्फ्लूएंसर। समाजसेवी। जैसा जन समर्थन मिला उस हिसाब से नेता भी। इसलिए उनके लिए बशीर साहब का शेर याद आ गया- सर झुकाओगे तो… 4. चलते-चलते.. जिस काम को करने से BLO नामक प्राणियों की शनि की दशा शुरू हो गई हो। राहु की वक्र दृष्टि पड़ गई हो। धरती फट गई हो। आसमान टूट पड़ा हो। उस काम के पूरा होने की खुशी का आलम क्या होगा? तो चलिए जयपुर के चौमूं चलते हैं। जहां SIR का काम कंपलीट होने के बाद SDM साहब की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दोस्तों के साथ वे ऐसा नाचे, ऐसा नाचे कि रातों-रात उनके डांस का वीडियो सोशल मीडिया के हर गलियारे में फैल गया। बाकी जगह हालांकि BLO शनि-राहु से जूझ रहे हैं। लेकिन यहां माहौल फिलहाल जश्न का है। वीडियो देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *