राजस्थान मूल के व्यापारी से 5.88 लाख वसूलने के आरोप में दो टीआरबी जवान गिरफ्तार

राजस्थान मूल के व्यापारी से 5.88 लाख वसूलने के आरोप में दो टीआरबी जवान गिरफ्तार

Ahmedabad. शहर के दास्तान सर्कल पर 17 अगस्त को राजस्थान मूल के रत्न व्यापारी से 5.88 लाख रुपए जबरन वसूलने के मामले में निकोल पुलिस ने 11 अक्टूबर को दो टीआरबी जवानों को गिरफ्तार किया है। अन्य दो लोगों के बारे में जांच जारी है। 19 सितंबर को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज हुई है।

पकड़े गए दोनों आरोपी टीआरबी जवान हैं। एक का नाम राजेशभाई पटनी (31) है, जबकि दूसरे का नाम विशाल पटनी (26) है। दोनों ही मूलरूप से पाटण जिले के गडोसण गांव के रहने वाले हैं। राजेश फिलहाल चमनपुरा में रहता है, जबकि विशाल सरसपुर में रहता है। चार अज्ञात पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिक जांच के आधार पर दो टीआरबी जवानों की लिप्तता का पता चला, जिससे इन्हें पकड़कर शिकायतकर्ता को बुलाया गया। एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायतकर्ता ने इन दोनों आरोपियों की पहचान की, जिस पर इन्हें गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने पर दोनों का चार दिन का रिमांड मंजूर हुआ है। इस मामले में अन्य दो और आरोपी कौन थे, इसकी जांच जारी है।

मोबाइल में सट्टे की एप कहकर डराया

राजस्थान के राजसमंद जिले की आमेठ तहसील के आगल गांव के मूल निवासी और फिलहाल मुंबई अंधेरी रत्न का व्यापार करने वाले वजेराम गुर्जर ने 19 सितंबर को एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि वे 17 अगस्त को राजस्थान से मित्र की कार लेकर पारिवारिक भाई दिनेश के साथ मुंबई जा रहे थे। अहमदाबाद में दास्तान सर्कल पर उन्हें चार पुलिस कर्मचारियों ने रोका। दो ने सफेद शर्ट और नीली पेंट पहनी थी। एक ने खाखी कपड़े, जबकि अन्य एक व्यक्ति सादा कपड़ों में था। इन्होंने कार की जांच की, कुछ नहीं मिला तो मोबाइल की जांच करते हुए कहा कि मोबाइल में क्रिकेट सट्टे की आईडी है। केस करना पड़ेगा कहकर 20 लाख रुपए मांगे। पांच लाख देने पर छोड़ने की बात कही। जिस पर शिकायतकर्ता ने एक लाख की नकदी दे दी, ऑनलाइन 4.88 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। तब उन्हें छोड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *