पलामू में आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। एक घटना मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र की है, जबकि दूसरी विश्रामपुर थाना क्षेत्र से संबंधित है। मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा में बुधवार को नान्हू राम (38) का शव उनके ससुराल में फांसी से झूलता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। शराब पीकर कमरा बंद करके सो जाते थे नान्हू जीएलए कॉलेज रोड पर झालमूढ़ी बेचते थे और बुधवार से लिट्टी का ठेला लगाने की तैयारी में थे, जिसके लिए उन्होंने सामान भी खरीद लिया था। वह शराब पीने के आदी थे और अक्सर नौ बजे के करीब शराब पीकर कमरा बंद करके सो जाते थे। बुधवार को भी पड़ोसियों ने उन्हें इसी अवस्था में देखा था। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर संदेह हुआ। जब दरवाजे के एक हिस्से से अंदर देखा गया, तो नन्हू फंदे पर लटके हुए थे। पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा, तो उनका शव मफलर से बने फंदे पर लटका था। आत्महत्या का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है परिजनों के अनुसार, नन्हू पिछले 11 साल से अपने ससुराल में रह रहे थे। उनका अपना घर टीओपी 3 के पास है। आत्महत्या का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। रीना नर्तकी का काम करती थीं दूसरे मामले में, विश्रामपुर के भुइयां टोली में रीना भुइयां (24) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह वीरेंद्र भुइयां की पत्नी थीं। घटना के समय उनका छह साल का बच्चा उनके साथ था, जबकि पति घर पर मौजूद नहीं थे। रीना नर्तकी का काम करती थीं। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।


