मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक 9 जुलाई तक झारखंड के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना है। विभाग ने वज्रपात को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 6 जुलाई यानी आज और 7 जुलाई को पूरे राज्य में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज गर्जन और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंके वाली हवा भी चल सकती है। 8 जुलाई को भी बारिश की यही स्थिति बनी रहेगी, जबकि 9 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के दौरान खुले में न रहने की अपील की है। मौसम में जारी उतार चढ़ाव की वजह से राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा, डालटनगंज, जमशेदपुर समेत कई जिलों में भी मौसम ठंडा और नम बना रहा। कोल्हान के सरायकेला में हुई सर्वाधिक बारिश मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सराइकेला में 73 मिमी रिकॉर्ड की गई। जबकि बंदगांव में 60.8 मिमी और पालकोट में 56.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है। रांची में पिछले 24 घंटे में 7.3 मिमी बारिश हुई है। वहीं अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन अब श्रीगंगानगर, भिवानी, आगरा, डेहरी, पुरुलिया होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है। उत्तरी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिससे अगले 24 घंटे में लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। राज्य के कई जिलों में दिन और रात के तापमान में सामान्य से 1.5 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है। झारखंड में सामान्य से महज 1% कम बारिश मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 1 जून से 5 जुलाई 2025 तक राज्य में औसतन 404.2 मिमी बारिश होती है। इस बार बारिश का आंकड़ा महज 1 फीसदी ही कम है। अब तक केवल 399.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक बारिश गढ़वा में 578.6 मिमी हुई है, जो सामान्य से 99% अधिक है। वहीं सबसे कम बारिश साहिबगंज में 169.5 मिमी हुई है, जो सामान्य से 39% कम है। इसके अलावा गोड्डा, देवघर, पाकुड़, गिरिडीह और बोकारो में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि रांची, जमशेदपुर, सरायकेला, गढ़वा, हजारीबाग, लोहरदगा और लातेहार में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे इन क्षेत्रों में खेती-किसानी को राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति सामान्य बने रहने की उम्मीद जताई है।
No tags for this post.