गोरखपुर की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न उपकेंद्रों पर मरम्मत, अनुरक्षण और लाइन शिफ्टिंग कार्य कराया जाएगा। इसके चलते शनिवार 21 फरवरी को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी काम पहले ही निपटाने की अपील की है। तारामंडल उपकेंद्र के स्विच यार्ड में होगा अनुरक्षण 11/33 KV उप केंद्र तारामंडल के स्विच यार्ड में मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य के चलते सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सभी फीडर बंद रहेंगे। इसके कारण तारामंडल, बुध विहार पार्ट A, B, C, लेक व्यू, वसुंधरा एनक्लेव, गौतम विहार, भरवालिया, दाउदपुर, विलंदपुर, काजकपुर और इंद्रानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। रोड चौड़ीकरण के चलते राप्तीनगर और सूरजकुंड फीडर रहेंगे बंद रोड चौड़ीकरण और लाइन शिफ्टिंग कार्य के कारण विद्युत उपकेंद्र राप्तीनगर के 11 KV नकहा और फेस फोर फीडर तथा सूरजकुंड उपकेंद्र के 11 KV तिवारीपुर फीडर की आपूर्ति सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। विभाग के अनुसार कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति तुरंत बहाल कर दी जाएगी। पीपीगंज, सिहोरवा और जंगल कौड़िया क्षेत्र में दोपहर बाद कटौती विद्युत उपकेंद्र पीपीगंज, सिहोरवा और जंगल कौड़िया से जुड़े क्षेत्रों में भी कार्य के कारण दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे संबंधित गांवों और मोहल्लों के उपभोक्ताओं को निर्धारित अवधि तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। सुरक्षा मानकों के साथ कराया जाएगा कार्य बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि भविष्य में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि निर्धारित समय के दौरान बिजली उपकरणों का सावधानी से उपयोग करें और विभाग का सहयोग करें।


