भास्कर न्यूज | जालंधर संत सिपाही गतका अखाड़ा मिसल शहीदां तरना दल हरियां वेलां की ओर से छठा महल्ला निहंग सिंहां, घुड़दौड़ और गतका प्रदर्शन रविवार को बर्ल्टन पार्क में आयोजित किया जाएगा। महल्ला धन्य-धन्य श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित है। जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह 96 करोड़ीं की ओर से बाबा शेर सिंह, जत्थेदार बाबा नागर सिंह हरियां वेलां की ओर से बाबा भवनजीत सिंह और भाई भूपिंदर सिंह गोल्डी ने बताया कि शनिवार रात रानी बाग बस्ती पीरदाद में कीर्तन समागम के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस समागम में रागी जत्थों ने गुरबाणी के मनोहर कीर्तन प्रस्तुत किए और कथावाचकों ने गुरमत विचारों से अपनी हाजिरी लगवाई। इस दिन दोपहर 12 बजे अमृत संचार भी करवाया गया, जिसमें कुल 67 प्राणियों ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा प्रदान की गई अमृत की दात प्राप्त की। गुरुद्वारा साहिब के हाल से बाहर आने पर सभी प्राणियों का संगत जयकारों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया। यहां बाबा मंगल सिंह, प्रितपाल सिंह, निहंग सिंह फौजां की ओर से नवजीत सिंह, अमृतपाल सिंह, हर कमल सिंह, सुरजीत सिंह, महिंदर सिंह, आकाशदीप सिंह, हरविंदर सिंह, गगनदीप सिंह मौजूद थे। यह रहा रूट : महल्ला निहंग सिंहां सुबह 10 बजे रानी बाग बस्ती पीरदाद से शुरू होगा जोकि गुरुद्वारा बस्ती पीरदाद, मिट्ठू बस्ती, गुरुद्वारा आदर्श नगर, चौक झंडियां वाला पीर, अवतार नगर, डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, बस्ती अड्डा, पटेल चौक, वर्कशॉप चौक होते हुए दोपहर 3 बजे बर्ल्टन पार्क पहुंचेगा, जहां घुड़दौड़ और गतके का प्रदर्शन होगा।


