भास्कर न्यूज | सोनीपत एसडीएम सुभाष चंद्र ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राई ब्लॉक में स्थित औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य कैंप आयोजित करवाएं क्योंकि वहां पर स्थित औद्योगिक इकाइयों में प्रवासी मजदूर कार्य करते हैं और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य कैंपों में अगर उनके बीपी, शुगर, खून तथा टीबी स्क्रीनिंग की जाए तो हमारे लिए भी इसका लाभ होगा कि अगर किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण है तो हम उसकी तुरंत देखभाल कर पाएंगे। एसडीएम सुभाष चंद्र ने टीबी मुक्त अभियान को लेकर अपने कार्यालय में बढख़ालसा पीएचसी के एसएमओ व अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और उन्हें दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग राई ब्लॉक स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में हर महीने 10 मोबाईल वैन एक्सरे मशीन के साथ उपलब्ध करवां ताकि अधिक से अधिक मजदूर वर्ग को टीबी की जांच का लाभ मिल सके। साथ ही सभी फैक्टरी प्रबंधकों को भी टीबी रोगियों को गोद लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा औद्योगिक एसोसिएशन के साथ समन्वय स्थापित कर वहां स्वास्थ्य कैंप लगवाना सुनिश्चित करें। टीबी के लक्षणों को लेकर करेंगे जागरूक टीबी के बारे में लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक करेंगे ताकि उन्हें उनके लक्षणों के बारे में जानकारी हो और लक्षण होने पर वे तुरंत अपनी जांच करवा सके। बैठक में बढख़ालसा सीएचसी की एसएमओ डॉ. अनविता कौशिक ने बताया कि टीबी के गंभीर लक्षण जैसे तीन सप्ताह से अधिक खांसी, रात में पसीना आना, वजन घटना आदि लक्षण होते हैं अगर किसी व्यक्ति में ये लक्षण दिखें तो उसे तुरंत अपने नजदीक स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर टेस्ट करवाना चाहिए ताकि टीबी के प्रसार को रोका जा सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को टीबी की रोकथाम के लिए शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर डॉ. एकता, एसटीएस अमित कुमार, पीपीएम ज्योति सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।


