Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके की जीत के बाद अभिनेता से नेता बने विजय मुख्यमंत्री बन गए हैं। इस चुनाव में एमके स्टालिन की पार्टी DMK को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने पूर्व सीएम एमके स्टालिन से मुलाकात की। इस मुलाकात को राजनीतिक रंग भी दिया जा रहा था। साथ ही कुछ लोगों का करना था कि रजनीकांत विजय की कामयाबी से जलते है, जिस पर अब रजनीकांत की प्रतिक्रिया सामने आई है।
क्या बोले रजनीकांत
पूर्व सीएम से मुलाकात को लेकर रजनीकांत ने कहा कि स्टालिन के साथ उनकी दोस्ती राजनीति से परे है और वह मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से न तो जलते हैं और न ही उनके खिलाफ हैं।
चेन्नई स्थित पोएस गार्डन आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए रजनीकांत ने कहा कि चुनाव के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उनके खिलाफ कई तरह की बातें कही जा रही थीं, इसलिए उन्होंने सामने आकर सफाई देना जरूरी समझा।
हमारी दोस्ती राजनीति से ऊपर- रजनीकांत
रजनीकांत ने कहा कि चुनाव नतीजों के बाद मैं स्टालिन से मिला था। इसे लेकर काफी आलोचना हुई। स्टालिन पिछले 38-40 सालों से मेरे दोस्त हैं। हमारी दोस्ती राजनीति से ऊपर है। लोकतंत्र में जीत-हार सामान्य बात है, लेकिन उनके हारने का मुझे दुख हुआ, इसलिए एक दोस्त के तौर पर उनसे मिलने गया था।
रजनीकांत ने आरोपों को भी किया खारिज
इस दौरान उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह विजय को मुख्यमंत्री बनने से रोकने के लिए स्टालिन से मिले थे। रजनीकांत ने कहा कि कुछ लोगों ने कहा कि मैं विजय को रोकने की रणनीति बनाने गया था। मैं इतना घटिया इंसान नहीं हूं। यह बात साफ हो जानी चाहिए।
विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई न देने के आरोपों पर भी रजनीकांत ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जैसे ही विजय जीते, मैंने एक्स पर उन्हें बधाई दी थी। मैं अब राजनीति में नहीं हूं और राजनीति छोड़ चुका हूं। फिर मुझे उनसे जलन क्यों होगी?
विजय की तारीफ
इस दौरान उन्होंने सीएम विजय की भी तारीफ की। रजनीकांत ने कहा कि 52 साल की उम्र में उन्होंने वह हासिल कर लिया, जो कभी एम. जी. रामचंद्रन और एन. टी. रामा राव जैसे दिग्गजों ने किया था। उन्होंने कहा कि विजय ने फिल्म इंडस्ट्री से आकर अपने दम पर बड़ी पार्टियों और बीजेपी को चुनौती दी है। मुझे उनसे जलन नहीं, बल्कि खुशी और हैरानी दोनों है। जनता को उनसे काफी उम्मीदें हैं और मुझे भरोसा है कि वह उन पर खरे उतरेंगे।


