हरियाणा के महेंद्रगढ़ शहर की आदर्श कॉलोनी में संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। देर रात कुछ संदिग्ध लोग कॉलोनी में घूमते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। इस घटना के बाद कॉलोनी निवासियों ने पुलिस को सूचना दी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। यह घटना 15 मई की बताई जा रही है। रात करीब 2 बजे ये संदिग्ध लोग कॉलोनी की अलग-अलग गलियों में घूमते हुए देखे गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में इन लोगों का पहनावा असामान्य दिख रहा है। कुछ लोगों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और वे कच्छे पहनकर घूम रहे थे। एक गली से जा रहे दूसरी में उनके हाथों में गुलेल भी दिखाई दी। जब कॉलोनी के कुत्ते उनके पीछे भागे, तो इन लोगों ने पत्थर उठाकर गुलेल से उन पर वार किया। ये संदिग्ध लोग कॉलोनी की कई गलियों में घूमते हुए देखे गए। एक गली से दूसरी गली में प्रवेश करने से पहले वे आसपास की गतिविधियों पर बारीकी से नज़र डाल रहे थे, जैसे कि वे किसी की आवाजाही की जांच कर रहे हों। घरों की कर रहे रेकी कॉलोनी के निवासियों ने आशंका व्यक्त की है कि ये लोग घरों की रेकी करने वाले किसी गिरोह के सदस्य हो सकते हैं। उनका मानना है कि ऐसे गिरोह समूह में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं और रात के समय ही फरार हो जाते हैं। चौकीदार पर फेंके पत्थर स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि संदिग्धों ने रात में एक चौकीदार पर पत्थर फेंके, लेकिन चौकीदार सुरक्षित बच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। कॉलोनीवासी अब पुलिस से गश्त बढ़ाने और संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।


