कोटपूतली में फिट इंडिया मिशन के तहत राजस्थान पुलिस ने ‘संडे ऑन साइकिल 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम रविवार सुबह सरदार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोटपूतली में संपन्न हुआ। कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में साइकिलिंग, योग और जुम्बा सहित कई फिटनेस गतिविधियां शामिल थीं। डीवाईएसपी ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएसपी राजेंद्र बुरड़क ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित व्यायाम व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा कि साइकिलिंग पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण कम करने और यातायात दबाव घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया गया।


