फिरोजाबाद नगर निगम में डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार को हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। कन्हैया नगर स्थित परमेश्वर गेट पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी जमा हुए। उनका आरोप है कि उन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने परिवार चलाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने बताया कि लगातार काम करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। त्योहारों का मौसम नजदीक होने के कारण उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ईद और दशहरा जैसे बड़े त्योहारों से पहले घर चलाने, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। इस प्रदर्शन का नेतृत्व ठेका सफाई कर्मचारी संघ नगर निगम फिरोजाबाद के जिला अध्यक्ष कृष्ण मुरारी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सेवा प्रदाता लायक कंपनी कर्मचारियों का शोषण कर रही है और पिछले दो माह से उनका वेतन रोक रखा है। अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिसके बाद कर्मचारियों को मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रशासन और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस हड़ताल के कारण शहर की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। कई इलाकों में कूड़ा नहीं उठने से स्थानीय निवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके बकाया वेतन को जल्द से जल्द जारी कराया जाए, ताकि त्योहारों से पहले उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।


