सोनीपत में पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS) के नेतृत्व में पुलिस उपायुक्त साइबर कुशल पाल सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त साइबर राजदीप मोर के मार्गदर्शन में साइबर सेल सोनीपत की टीम ने नवंबर माह में विशेष अभियान चलाकर 27 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की कुल बाजार कीमत लगभग सात लाख रुपए बताई जा रही है। बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं। CEIR पोर्टल से मिली मदद
बुधवार, 3 दिसंबर 2025 को सहायक पुलिस आयुक्त साइबर राजदीप मोर ने सभी मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे। यह कार्रवाई CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और विभागीय अनुसंधान के माध्यम से की गई। साइबर सेल की लगातार बढ़ती सफलता
सहायक पुलिस आयुक्त साइबर राजदीप मोर ने बताया कि साइबर सेल सोनीपत द्वारा लगातार ऐसे मामलों में सफलता हासिल की जा रही है, जहाँ गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन दर्ज रिपोर्टों के आधार पर मोबाइल की लोकेशन का विश्लेषण कर पुलिस टीमों ने ये फोन बरामद किए। सोनीपत पुलिस ने इस वर्ष अब तक कुल 310 मोबाइल फोन ढूंढ़कर उनके मालिकों को सौंपे हैं। नागरिकों को साइबर जागरूक बनाने पर जोर
राजदीप मोर ने कहा कि साइबर सेल का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को उनका गुम मोबाइल वापस दिलाना और उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना है। आमजन से की अपील
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज करवाने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर भी अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करें। इससे मोबाइल की लोकेशन ट्रैक होने और बरामदगी की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।


