घूरपुर में किशोरी की गला रेतकर नृशंस हत्या के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। दूर के रिश्ते में मृतका का चाचा लगने वाला एक युवक सामने आया, जिसने चौंकाने वाला खुलासा किया। कहा कि सरिता लड़कों से बात करती थी और यह उसके परिवारवालों को बिल्कुल भी पसंद नहीं था। फिलहाल यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने पिता व चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्या बताया युवक ने
“सरिता लड़कों से बात करती थी। गांव के ही लड़के थे जिनसे वह अक्सर बात किया करती थी। यह बात उसके घरवालों को पसंद नहीं थी। कुछ दिनों पहले पिता रमेश ने एक लड़के को इसी बात पर जमकर पीटा भी था। बेटी को भी मना करता था और उसकी पिटाई भी कर चुका था।” युवक के इस बयान के बाद घरवालों की भूमिका संदिग्ध हो गई। इसलिए क्योंकि कई बार में पूछताछ के बाद भी उन्होंने इस संबंध में किसी तरह की जानकारी पुलिस को नहीं दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह भी क्लीयर, मौत रात में हुई
इस मामले में घरवालों के शक के घेरे में आने की एक और बड़ी वजह पोस्टमार्टम में आई फाइंडिंग्स हैं। पीएम रिपोर्ट से यह क्लीयर है कि किशोरी की मौत रात में ही हुई, जबकि घरवाले यही कहते रहे कि वह सुबह 5:30 बजे घर से निकली और आठ बजे उसकी मौत की सूचना मिली। दरअसल सूत्रों का कहना है “पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार शाम चार बजे हुआ। इस दौरान पाया गया कि मौत करीब 16 घंटे पहले हुई। पेट में अन डाइजेस्टेड चावल भी मिला। यानी खाना खाने के बाद ही यह वारदात की गई। ” मां-भाई ने क्यों बोला झूठ, जांच जारी
इस मामले में अब बड़ा सवाल यह भी है कि बेटी की मौत को लेकर मां-भाई ने झूठ क्यों बोला। दरअसल पिता के साथ ही मां ने भी यही कहा था कि बेटी सुबह 5:30 बजे घर से निकली। उसका तो यहां तक कहना था कि सुबह बेटी उसके सामने ही सोकर उठी। उधर घर में ही मौजूद रहने वाले उसके एक भाई ने भी चुप्पी साधे रखी। ऐसे में अब उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। बता दें कि मृतका का सबसे बड़ा भाई मुंबई में रहता है जो शुक्रवार को बहन की मौत की जानकारी पर घर आया। सबसे छोटा भाई मानसिक दिव्यांग है। एक अन्य भाई है जो घटना वाली रात माता-पिता के साथ घर पर था। पुलिस अफसर बोले…
डीसीपी यमुनानगर विवेकचंद्र यादव ने बताया, “कुछ क्लू मिले हैं जिन पर काम किया जा रहा है। अलग-अलग चार टीमें लगाई गई हैं। एक चश्मदीद मिला है जिसने कुछ अहम जानकारियां दी हैं। इसी आधार पर इनवेस्टिगेशन को आगे बढ़ाया जा रहा है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।”


