धनबाद में युवक का शव मिलने से सनसनी:प्रेम प्रसंग विवाद या खुदकुशी.. पुलिस जांच में जुटी, युवती के परिवार पर हत्या का आरोप

धनबाद में युवक का शव मिलने से सनसनी:प्रेम प्रसंग विवाद या खुदकुशी.. पुलिस जांच में जुटी, युवती के परिवार पर हत्या का आरोप

धनबाद झरिया के घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के पांडेबेड़ा स्थित झाड़ियों में रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मृतक की पहचान बोकारो चास निवासी 22 वर्षीय तुषार सिंह के रूप में हुई। इसी बीच एक चौंकाने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तुषार खुदकुशी की बात कहते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने नई दिशा पकड़ ली है, जिसके आधार पर पुलिस अब कई कोणों से जांच कर रही है। 11 नवंबर से लापता था तुषार, हत्या की आशंका परिजनों ने बताया कि तुषार 11 नवंबर को ओडिशा में काम करने के लिए चंद्रपुरा स्टेशन जाने के लिए निकला था, लेकिन वह स्टेशन पहुंचा ही नहीं। देर रात तक उसके घर न लौटने और संपर्क न होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद चंद्रपुरा थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन उसमें तुषार का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो झरिया के लोदना क्षेत्र में मिली। इसी आधार पर परिजन जब पांडेबेड़ा पहुंचे तो झाड़ियों में तुषार का शव पड़ा मिला। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पांडेबेड़ा की एक युवती और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि तुषार का उस युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले युवती के परिजनों ने तुषार को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान भी था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर रहेगी निगाह घनुवाडीह ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि युवक बोकारो का रहने वाला था और उसके झरिया की एक लड़की से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, वायरल वीडियो, धमकी और अन्य सभी पहलुओं पर विस्तार से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि मौत से पहले की घटनाओं की सटीक कड़ी जोड़ी जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *