संत रविशंकर महाराज शनिवार शाम टीकमगढ़ पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी के फार्म हाउस में वैज्ञानिक तकनीक से उगाई जा रही सब्जियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाराज ने फार्म हाउस के 50 एकड़ क्षेत्र में फलदार पौधे लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने जिले के अन्य किसानों से भी पारंपरिक फसलों के साथ वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर व्यावसायिक खेती करने का आग्रह किया, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। महाराज ने फार्म हाउस में लगी शिमला मिर्च, टमाटर और हरी मिर्च की फसलों का पैदल अवलोकन किया। पूर्व विधायक राकेश गिरी ने बताया कि यहां की शिमला मिर्च सिलीगुड़ी तक भेजी जा रही है, जबकि टमाटर और हरी मिर्च स्थानीय मंडियों के साथ-साथ आसपास के महानगरों में भी सप्लाई हो रहे हैं। संत रविशंकर महाराज ने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए किसानों को फसल और सब्जी के अतिरिक्त खेतों में अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने की सलाह दी। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि रावतपुरा, मातृ धाम, सागर, चित्रकूट, जबलपुर और रायपुर आश्रमों में हजारों की संख्या में फलदार पौधे लगाए गए हैं। उनके अनुसार, पौधे लगाने से पुण्य के साथ-साथ परिवार के लिए आर्थिक आय का स्रोत भी बनता है। लगभग एक घंटे तक फार्म हाउस का भ्रमण करने के बाद महाराज सागर के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर महेश यादव, अभय यादव, संजय रावत, बंटी तिवारी, संजय अवस्थी, दुर्गा दीक्षित, पंकज रावत, अरविंद खेबरिया, बब्बी यादव, अरविंद पुरोहित, हर्ष मिश्रा, महेश साहू, राजेंद्र मिश्रा, विवेक गुप्ता, रोहित वैद्य, ललित अहिरवार, रंजीत परिहार, शिवम रिछारिया, डॉ. शांतनु दीक्षित और पूर्व विधायक राकेश गिरी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।


