Ranji Trophy 2025: मुंबई की दूसरी पारी में शार्दुल ठाकुर ने 119 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौके संग 113 रन बनाए। वह नाबाद है। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका दूसरा शतक है।
Ranji Trophy 2025: मुंबई और जम्मू-कश्मीर के बीच मुंबई के शरद पवार क्रिकेट एकेडमी बीकेसी में रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और अजिंक्य रहाणे से धाकड़ बल्लेबाज जहां अपेक्षानुरुप प्रदर्शन नहीं कर सके वहीं, निचले क्रम में आलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने दूसरी पारी में नाबाद शतक ठोक मुंबई टीम को संकट से उबारा है।
मुंबई के शीर्ष क्रम ने फिर किया निराश
रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-ए एलीट मुकाबले में पहली पारी में मुंबई की टीम को 120 रन पर समेटने के बाद जम्मू-कश्मीर ने 206 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत की थी। वहीं, पहली पारी की ही तरह मुंबई टीम के शीर्ष क्रम का निराशाजनक प्रदर्शन दूसरी पारी में भी जारी रहा। दूसरी पारी में मुंबई के महज 91 रन तक 6 विकेट गिर गए थे। मुंबई की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यशस्वी जायसवाल 26, रोहित शर्मा 28, अजिंक्य रहाणे 16, श्रेयस अय्यर 17, शम्स मुलानी 4, हार्दिक तमोर 1 रन ही बना सके। शिवम दुबे तो खाता भी नहीं खोल सके।
ऐसे में शार्दुल ठाकुर और तनुष कोटियन ने अपने कंधों पर जिम्मेदारी लेते हुए जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों का ना सिर्फ बखूबी सामना किया बल्कि मैदान के चारो ओर आकर्षक स्ट्रोक लगाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मुंबई की टीम ने इस तरह दूसरे दिन स्टंप्स तक दूसरी पारी में 7 विकेट पर 274 रन बना लिए हैं। इस तरह उसने जम्मू-कश्मीर पर 188 रन की बढ़त बना ली है। क्रीज पर शार्दुल ठाकुर और तनुष कोटियन टिके हुए हैं।
शार्दुल ने पारी में लगाए 17 चौके
मुंबई की दूसरी पारी में शार्दुल ठाकुर ने 119 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौके संग 113 रन बनाकर नाबाद है। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका दूसरा शतक है। वहीं, तनुष कोटियन मुंबई की दूसरी पारी में 58 रन बनाकर नाबाद है।
रोहित, यशस्वी और श्रेयस अय्यर ने मुंबई के लिए पहली पारी में भी निराशाजनक प्रदर्शन किया था। यशस्वी जायसवाल ने 4 रन, रोहित शर्मा ने 3 रन, अजिंक्य रहाणे ने 12 रन और श्रेयस अय्यर ने 11 रन की पारी खेली थी। दूसरी पारी की तरह शार्दुल ठाकुर ने मुंबई के लिए पहली पारी में भी शानदार अर्द्धशतक (51 रन, 57 गेंद, 5 चौके, 2 छक्के) लगाया था। वहीं तनुष कोटियन ने भी 26 रन की पारी खेली थी।
Sports – Patrika | CMS
No tags for this post.