उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर मुंगेली जिले की जर्जर सड़कों की मरम्मत की जा रही है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग, मुंगेली की ओर से शहर के पड़ाव चौक से लोरमी रोड बायपास मार्ग पर बी.टी. पैच रिपेयर का कार्य शुरू किया गया है। यह मार्ग शहर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण आम जनता को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि सड़क का सुदृढ़ीकरण डब्ल्यू.एम.एम. मोटाई, बी.एम. 50 एम.एम. मोटाई और एम.एस.एम. 20 एम.एम. मोटाई के साथ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 में इस मार्ग का स्थायी सुधार कार्य प्रस्तावित है। विभाग ने सड़क किनारे रहने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण और मरम्मत कार्य के दौरान सहयोग करें, ताकि कार्य शीघ्रता से पूरा हो सके और आम जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।


