सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन ने कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर अज्ञात और लावारिस मृतकों की आत्म शांति के लिए गंगा घाट पर सैकड़ों दीप प्रवाहित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने इस विशाल दीप दान कार्यक्रम में भाग लिया। संस्था के अध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि संगठन वर्ष भर में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मिलने वाले अज्ञात और लावारिस शवों का विधिवत अंतिम संस्कार करता है। हर महीने अनूपशहर गंगा में सामूहिक अस्थि विसर्जन भी किया जाता है। 5 तस्वीरें देखिए… हेमंत सिंह के अनुसार, हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर अज्ञात मृतकों की मोक्ष प्राप्ति की कामना के साथ विशाल दीप दान कार्यक्रम आयोजित होता है। पिछले वर्ष की कार्तिक पूर्णिमा से इस बार तक बुलंदशहर जिले में लगभग 250 अज्ञात व लावारिस लोगों का दाह संस्कार किया गया है। इनकी पुण्य स्मृति में इस वर्ष 251 दीप जलाकर गंगा में प्रवाहित किए गए। यह कार्यक्रम अज्ञात मृतकों के प्रति सम्मान और उनकी आत्मा की शांति के लिए समर्पित था। इस कार्यक्रम में राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमंत सिंह, जिला संयोजक पिंटू गुर्जर, जिला उपासना प्रमुख आचार्य कृष्ण मिश्रा, आरएसएस नगर संघचालक सुनील कुमार गुप्ता, डॉ. अखंड प्रताप सिंह, डॉ. एस. कुमार, विवेक कुमार दौजी, अनिल कुमार गर्ग, विकास सिंह, देवेश शर्मा, लकी पंडित और हर्ष गुप्ता सहित अर्पित भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।


