अलवर शहर निवासी एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में लगातार मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर शहर के एक थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को कार्रवाई के लिए भिवाड़ी थाना पुलिस को भेज दिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पहले भिवाड़ी की एक कंपनी में नौकरी करती थी, जहां आरोपी युवक भी कार्यरत था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो बाद में दोस्ती में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने उससे शादी करने को कहा तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने दूसरी जगह विवाह कर लिया। आरोप है कि विवाह के बाद भी आरोपी युवक ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और उसके पति को फोन कर यह कह दिया कि उसकी पत्नी के साथ उसके पहले संबंध रहे हैं।युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी उस पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर युवती ने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई भिवाड़ी थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।


