Rajesh Khanna breakdown terrace incident: भारतीय सिनेमा में ‘सुपरस्टार’ का खिताब सबसे पहले जिस शख्स को मिला, वो थे राजेश खन्ना। उनका ज़माना ऐसा था जब फैंस उनकी कार को चूमते थे, लड़कियां उन्हें खून से चिट्ठियां लिखती थीं और कहा जाता है कि उस दौर में भिखारी भी राजेश खन्ना के नाम पर भीख मांगते थे। तीन साल में लगातार 17 हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया। लेकिन इस चमक-दमक के पीछे एक ऐसा दौर भी था जिसने काका को भीतर तक तोड़ दिया था।
राजेश खन्ना रात 3 बजे लगे थे चिल्लाने (Rajesh Khanna breakdown terrace incident)
साल 1990 में दिए एक इंटरव्यू में राजेश खन्ना ने खुद अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि जब उनकी लगातार सात फिल्में एक के बाद एक बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम हुईं, तो वह टूट गए थे और उस लगातार हार को बर्दाश्त नहीं कर पाए थे। गहरी निराशा में डूबे काका ने भारी मात्रा में शराब पी ली थी और तड़के सुबह तीन बजे अपने घर ‘आशीर्वाद’ की छत पर जा पहुंचे।

करियर डूबने पर भगवान को दोषी ठहराया (Rajesh Khanna stardom box office records)
राजेश खन्ना ने आगे बताया था, बाहर तेज बारिश हो रही थी, घना अंधेरा था और मैं छत पर अकेला खड़ा था। मैंने अपना आपा खो दिया था। मैं ऊपर आसमान की तरफ देखकर चिल्लाया- ‘परवरदिगार, हम गरीबों का इतना सख्त इम्तिहान ना ले कि हम तेरे वजूद से ही इनकार कर दें।’ मेरी आवाज सुनकर डिंपल और मेरा पूरा स्टाफ दौड़ता हुआ छत पर आ गया था। उन्हें लगा कि मैं पागल हो गया हूं। राजेश खन्ना ने खुद माना था कि सफलता ने उन्हें इस कदर अपने वश में कर लिया था कि नाकामी बर्दाश्त करना उनके लिए नामुमकिन हो गया था।

स्टारडम ढला और बिखर गया परिवार (Rajesh Khanna Dimple Kapadia marriage issues)
राजेश खन्ना की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने साल 1973 में खुद से आधी उम्र की अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया से शादी की थी। उस वक्त काका 31 साल के थे और डिंपल महज 16 साल की थीं। शादी के बाद डिंपल ने फिल्मों से दूरी बना ली और वह दो बेटियों ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना की मां बनीं। लेकिन जैसे ही राजेश खन्ना का स्टारडम ढलने लगा, उनका स्वभाव बेहद गुस्सैल और चिड़चिड़ा हो गया। वह दिन-रात शराब के नशे में डूबे रहने लगे। काका का यह बर्ताव डिंपल बर्दाश्त नहीं कर सकीं और शादी के 9 साल बाद वह दोनों बेटियों को लेकर उनका घर छोड़कर चली गईं।

आखिरी सांस तक नहीं हुआ तलाक
राजेश खन्ना से अलग होने के बाद डिंपल ने फिल्मों में अपनी दूसरी पारी शुरू की और कामयाबी हासिल की। वहीं राजेश खन्ना भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़े और उनका नाम मशहूर अभिनेत्री टीना मुनीम संग भी जुड़ा। दिलचस्प बात यह है कि सालों तक अलग रहने के बावजूद राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया का कभी आधिकारिक तौर पर तलाक नहीं हुआ। साल 2012 में जब कैंसर की वजह से इस पहले सुपरस्टार का निधन हुआ, तो उनके अंतिम सफर में करीब 10 लाख लोग शामिल हुए थे, जो यह बताने के लिए काफी है कि फैंस के दिलों में उनका स्टारडम कभी कम नहीं हुआ।


