रायबरेली के महराजगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-3 गांधी नगर में घटिया सीसी रोड निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मोहल्लावासियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पंडित दीनदयाल योजना के तहत जसवंती देवी मंदिर के पीछे करीब 15 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बनाई गई यह सड़क गुणवत्ता विहीन है और निर्माण मानकों का उल्लंघन किया गया है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसके कारण यह बनने के कुछ समय बाद ही खराब होने लगी है। इस मामले को लेकर पहले भी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। 8 अप्रैल को उपजिलाधिकारी कार्यालय, 27 अप्रैल को जिलाधिकारी कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आक्रोशित लोगों ने मांग की है कि इस सड़क को तत्काल हटाकर एई पीडब्ल्यूडी और ईओ नगर पंचायत की उपस्थिति में मानक के अनुसार दोबारा बनाया जाए। इसके साथ ही, सड़क के निर्माण का अनुमान (स्टीमेट) भी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। मोहल्लावासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। मामले को लेकर उप जिला अधिकारी प्रकाश सिंह गौतम ने धरना प्रदर्शन करने वाले लोगों को मामले की जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।


