श्री गुरु नानक देवजी महाराज का 556वां प्रकाश पर्व बुधवार को खालसा कॉलेज राजमोहल्ला स्टेडियम में आयोजन हुआ। यहां सुबह दीवान सजाया गया। शाम को भी यहां दीवान सजाया जाऐंगे। श्री गुरु सिंघ सभा इंदौर के तत्वावधान में आयोजन किया जा रहा है। यहां पर बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। इस बार यहां छोटी-छोटी कई नई व्यवस्थाएं की गई थी। जिसके चलते लोगों को भी आने-जाने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। श्री गुरु सिंघ सभा इंदौर के अध्यक्ष हरपाल सिंह भाटिया एवं महासचिव प्रीतपाल सिंह भाटिया ने बताया कि बुधवार को गुरमति दीवान में शामिल होने वाली संगत के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष ने बताया कि इस बार कई अलग काम कमेटी द्वारा किए गए है। पार्किंग की व्यवस्था भी इस बार सिस्टमेटिक की गई है। यहां आने वाले वाहन चालकों के लिए वैले पार्किंग रखी गई है, इसके लिए 120 ड्राइवर भी रखे हैं। लंगर की भी अलग व्यवस्था की गई है, ताकि यहां आने वाले समाजजनों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे पर करीब 60 से 65 लाख रुपए के टैक्स पेडिंग है। इसे लेकर महापौर से भी चर्चा की है। अब तक 35 लाख रुपए से ज्यादा की राशि इकट्ठा की जा चुकी है। हम एक साथ टैक्स का पूरा पेमेंट करेंगे। हम नई पीढ़ी की सोच पर काम कर रहे है। एजुकेशन और हेल्थ के क्षेत्र में भी हम काम कर रहे है। गुरुनानक देवजी महाराज के बताए मार्ग पर चलने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। आसपास की दुकानें भी बंद
खालसा कॉलेज में जहां पर ये आयोजन हो रहा है। वहां आसपास के व्यापारियों ने कमेटी सदस्यों और पार्षदों के निवेदन पर आज कई व्यापारियों ने अपना व्यापार बंद रखा है। अध्यक्ष ने बताया कि यहां आवाजाही में संगत को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए आसपास के व्यापारियों से निवेदन किया गया था। व्यापारियों ने हमारे निवेदन को स्वीकारा और कई व्यापारियों ने इसमें सहयोग किया है। खालसा स्टेडियम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी पहुंचे थे।


