यमुनानगर में पतंग विवाद के चलते पेंटर की हत्या:नाबालिग भाई-बहन की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, दंपति पहले ही जेल में

यमुनानगर में पतंग विवाद के चलते पेंटर की हत्या:नाबालिग भाई-बहन की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, दंपति पहले ही जेल में

यमुनानगर जिले के गांव भंभौली में 4 जनवरी को हुए हत्याकांड को लेकर अब नया अपडेट सामने आया है। पतंग के मांजे से बच्चे का हाथ कटने के मामूली विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा कि एक पेंटर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके नाबालिग बेटे-बेटी की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है। इसी बात को लेकर मृतक का परिवार आक्रोशित है और बच्चों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ है। मृतक राजेश कुमार के परिजन आज गुरुवार को पुलिस अधीक्षक से मिले और दोनों नाबालिग बच्चों को भी इस हत्याकांड में आरोपी मानते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पूरे विवाद की जड़ आरोपी का नाबालिग बेटा ही था, जिसकी झूठी शिकायत के बाद मामला बढ़ा और अंततः हत्या तक पहुंच गया। “बच्चों की भी बराबर की भूमिका” – परिजन परिजनों का कहना है कि घटना के समय नाबालिग बेटा-बेटी मौके पर मौजूद थे और विवाद को भड़काने में उनकी भूमिका रही। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें अभी तक हिरासत में नहीं लिया है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। थाना छप्पर प्रभारी वेदपाल के अनुसार, मामले में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। नाबालिग बच्चों की इन्वॉल्वमेंट की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और जांच गहनता से जारी है। क्या है पूरा मामला गांव भंभौली निवासी राजेश कुमार (42), जो पेशे से पेंटर था और दो बच्चों के पिता था, की हत्या 3-4 जनवरी की रात कर दी गई थी। मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि उनके पड़ोसी रामकुमार उर्फ रामू का नाबालिग बेटा इलेश पतंग उड़ा रहा था। पतंग कटकर राजेश के पिता फूलचंद के खेत में जा गिरी। पतंग निकालने के दौरान खेत में लगी सब्जियां रौंदी गईं और मांजे से इलेश का हाथ कट गया। जब फूलचंद ने सब्जियां खराब करने पर इलेश को डांटा, तो वह गाली-गलौज करता हुआ घर चला गया और परिजनों से झूठी शिकायत कर दी कि फूलचंद ने खुरपा मारकर उसका हाथ काट दिया है। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हो गया, मारपीट तक नौबत पहुंची और डायल-112 पुलिस को बुलाना पड़ा। पंचायत के बाद रात में हत्या मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत भी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। अंधेरा होने के चलते पंचायत ने अगली सुबह फैसला करने की बात कहकर सभी को घर भेज दिया।इसी बीच रात करीब साढ़े 10 बजे राजेश खाना खाने के बाद टहलने निकले। कुछ देर बाद उन्होंने पत्नी ममता को घर भेज दिया। आरोप है कि इसी दौरान रामकुमार, उसकी पत्नी जसविंदर और दोनों नाबालिग बच्चे वहां पहुंचे और रामकुमार ने राजेश के सीने में चाकू मार दिया। राजेश चीखते हुए जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। नाबालिग बच्चों की गिरफ्तारी की मांग थाना छप्पर पुलिस ने मृतक के भाई करण की शिकायत पर रामकुमार, उसकी पत्नी जसविंदर और उनके दोनों नाबालिग बच्चों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बच्चों की भूमिका की जांच की जा रही है। अब पीड़ित परिवार का कहना है कि इस पूरे हत्याकांड की असली वजह आरोपी का नाबालिग बेटा है और घटना के वक्त दोनों बच्चों की भी बराबर की भागीदारी थी। इसी को लेकर परिजन पुलिस अधीक्षक से मिले और दोनों नाबालिग बच्चों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े स्तर पर विरोध किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *