पॉपुलर इन्फ्लुएंसर ओरी बुधवार को मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) के सामने पेश हुए। उनसे 252 करोड़ रुपए की मेफेड्रोन ड्रग तस्करी केस में पूछताछ की गई। ओरी दोपहर करीब 1:30 बजे घाटकोपर एएनसी यूनिट पहुंचे और उनसे करीब साढ़े सात घंटे तक पूछताछ चली। इंडिया टूडे ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया कि ओरी ने पूछताछ के दौरान जांच टीम का सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनका इस केस से कोई लेना-देना नहीं है और वे ड्रग्स का सेवन नहीं करते। ओरी ने यह भी कहा कि वे भारत और विदेश में कई पार्टियों में जाते हैं, लेकिन उन्हें याद नहीं रहता कि वहां कौन-कौन था या क्या हुआ। सूत्रों ने यह भी बताया कि ओरी ने कहा कि उन्हें सिर्फ सेलेब्रिटीज के साथ फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया जाता है। उन्होंने आरोपियों को जानने से इनकार किया और कहा कि उनका ड्रग सप्लाई चेन से कोई लेना-देना नहीं है। ओरी से दोबारा पूछताछ हो सकती है वहीं, मामले को लेकर जांच अधिकारियों ने बताया कि ओरी से फिर पूछताछ हो सकती है। पूछताछ में ओरी ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें इंस्टाग्राम प्रमोशन से 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक की कमाई होती है और वे जियो कंपनी के कम्युनिकेशन डिजाइन डिपार्टमेंट में काम करते हैं, जहां से उन्हें 3.5 लाख रुपए हर महीने सैलरी मिलती है। उन्होंने बताया कि उनके ड्राइवर, बॉडीगार्ड और गाड़ी के खर्चे भी जियो उठाती है। सूत्रों के अनुसार, ओरी से यह जांच की जा रही है कि कहीं उनका ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से कोई कनेक्शन तो नहीं है। ओरी का नाम इस मामले में आरोपी मोहम्मद सलीम उर्फ ‘लैविश’ शेख से पूछताछ के दौरान सामने आया था, जिसे दुबई से लाया गया। उस पर भारत और विदेश में फिल्मी सितारों के लिए रेव पार्टियां आयोजित करने और मेफेड्रोन ड्रग की तस्करी का आरोप है। ड्रग्स केस में पूछताछ के कुछ घंटे बाद ओरी ने किया पोस्ट वहीं, मुंबई पुलिस द्वारा पूछताछ के कुछ घंटे बाद ही ओरी ने एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में ओरी डांस करते हुए नजर आए और मिडिल फिंगर दिखाते हुए लिखा, “बस मुझे जीने दो।” हालांकि ओरी ने अपने वीडियो में ड्रग्स केस या पूछताछ का जिक्र नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तुरंत इसे केस से जोड़ लिया। एक यूजर ने लिखा, “पूछताछ के बीच में ही पोस्ट कर दिया।” एक अन्य ने लिखा, “तुम हमेशा एक्स्ट्रा एक्स्ट्रा रहते हो और हमें यही पसंद है।” जब एक यूजर ने कमेंट किया, “तुम जेल से पोस्ट कैसे कर रहे हो?” जिस पर ओरी ने मजाकिया जवाब दिया, “इसे वाई-फाई कहते हैं।” सिद्धांत कपूर से मंगलवार को हुई थी पूछताछ वहीं 252 करोड़ रुपए के ड्रग्स मामले में इससे पहले मंगलवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर एंटी नारकोटिक्स सेल के सामने पेश हुए थे। सिद्धार्थ को एंटी नारकोटिक्स सेल के घाटकोपर यूनिट में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ANC ने सिद्धांत को पूछताछ के लिए एक बजे का समय दिया था और उनसे पांच घंटे तक पूछताछ की थी। बता दें कि सिद्धांत को पूछताछ के लिए ये समन 21 नवंबर को मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की तरफ से भेजा गया था। दैनिक भास्कर के सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में पुलिस ने सिद्धांत से 5 घंटे की पूछताछ में 11 सवाल पूछे थे। 1. आप सलमान सलीम शेख नाम के शख्स को कब से और कैसे जानते हैं? 2. सलमान सलीम शेख से आपकी पहली मुलाकात कब और क्यों हुई? 3. पिछले पांच सालों में आपने कितनी विदेश यात्राएं की हैं और उनकी वजह क्या थी? 4. पिछले पांच सालों में आप दुबई कितनी बार गए? 5. दुबई की यात्राओं के दौरान आप कहां रुके और किन लोगों से मिले? 6. क्या दुबई में किसी ड्रग पार्टी का आयोजन हुआ था? 7. क्या दुबई की किसी पार्टी में आपकी मुलाकात मुंबई के किसी एक्टर, मॉडल, बिजनेसमैन या नेता से हुई? 8. क्या आपकी मुलाकात कभी ताहिर डोला (सलीम डोला के बेटे) से हुई है? 9. क्या आपने कभी ड्रग्स का सेवन किया है? 10. क्या आपने सलमान शेख से कभी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त की है? 11. क्या आपके बैंक स्टेटमेंट में कभी सलीम या ताहिर से जुड़े किसी अकाउंट में या अकाउंट से धन का लेन-देन हुआ है? वहीं, इससे पहले भी सिद्धांत का नाम ड्रग्स केस में आ चुका है। साल 2022 में बेंगलुरु की एक रेव पार्टी में अवैध ड्रग्स लेने के आरोप में पुलिस ने उन्हें फाइव स्टार होटल से गिरफ्तार किया था। पूरा मामला क्या है जानिए? इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल ने अगस्त में दाऊद इब्राहिम के साथ काम करने वाले ड्रग तस्कर सलीम डोला के बेटे ताहिर डोला को दुबई से प्रत्यर्पित किया था। पूछताछ के दौरान मामले में मुख्य आरोपी ताहिर डोला ने बयान में कहा कि उसके द्वारा भारत और विदेशों में आयोजित होने वाली ड्रग्स पार्टियों में बॉलीवुड एक्टर्स, मॉडल्स, रैपर्स, फिल्ममेकर और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के रिश्तेदार भी शामिल होते थे। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ताहिर ने दावा किया है कि इन पार्टीज में ड्रग (मेफेड्रोन) सप्लाई की जाती है। इन पार्टी में शामिल होने वाले लोगों में श्रद्धा कपूर, भाई सिद्धार्थ कपूर, अलीशा पारकर (हसीना पारकर का बेटा), नोरा फतेही, ओरी उर्फ ओरहान अवात्रामणि, पॉपुलर फिल्ममेकर जोड़ी अब्बास-मस्तान, रैपर लोका और बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी भी शामिल हैं। नोरा फतेही ने दी थी आरोपों पर सफाई नोरा फतेही ने ड्रग केस में नाम आने के बाद सफाई देते हुए लिखा था, मैं पार्टियों में नहीं जाती, मैं हमेशा फ्लाइट्स पर रहती हूं, मैं वर्कहॉलिक हूं, मेरी कोई पर्सनल लाइफ नहीं है, मैं ऐसे लोगों के साथ जुड़ती भी नहीं हूं और अपनी छुट्टी के दिनों में मैं दुबई में बीच पर या अपने हाई स्कूल दोस्तों के साथ घर पर होती हूं। मैं अपना पूरा दिन और रात अपने सपनों और लक्ष्यों को पूरा करने में लगाती हूं। आगे उन्होंने लिखा है, जो भी पढ़ते हो, उस पर भरोसा मत करो। लगता है मेरा नाम इस्तेमाल करना बहुत आसान है। लेकिन इस बार मैं ऐसा होने नहीं दूंगी। ये पहले भी हुआ है, आप लोगों ने झूठ फैलाकर मुझे बर्बाद करने की कोशिश की थी, लेकिन वो कामयाब नहीं हुई। मैंने चुपचाप देखा जब हर कोई मेरी छवि खराब करने, मेरा नाम बदनाम करने और मुझे क्लिकबेट की तरह इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा था। कृपया मेरा नाम और मेरी तस्वीर उन मामलों में इस्तेमाल करने से बचें जिनका मुझसे जरा भी संबंध नहीं है। इसकी बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।


