सोनीपत में इनेलो की हुई संगठनात्मक बैठक:पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे चुनाव; बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के विरोध में चंडीगढ़ में होगा प्रोटेस्ट

सोनीपत में इनेलो की हुई संगठनात्मक बैठक:पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे चुनाव; बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के विरोध में चंडीगढ़ में होगा प्रोटेस्ट

आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। सोनीपत में हुई संगठनात्मक बैठक में पार्टी ने स्पष्ट किया कि चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे। बैठक में चुनावी रणनीति के साथ-साथ बुढ़ापा पेंशन को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का भी ऐलान किया गया।
इनेलो पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला संयोजक और हल्का प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर निगम चुनाव के प्रभारी एवं पूर्व विधायक रामफल कुंडू की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सोनीपत में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे सभी चुनाव
बैठक को संबोधित करते हुए रामफल कुंडू ने कहा कि इनेलो पार्टी सोनीपत जिले के तीनों नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अपने मजबूत संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं के बल पर चुनाव में जीत दर्ज करेगी और भाजपा का सूपड़ा साफ किया जाएगा।
एक सप्ताह में उम्मीदवारों से मांगा बायोडाटा
रामफल कुंडू ने कहा कि जिन सामाजिक रूप से अच्छी छवि वाले लोग नगर निगम चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे एक सप्ताह के भीतर अपना बायोडाटा पार्टी कार्यालय में जमा करें। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता आपसी विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवारों का चयन करेंगे।
20 फरवरी को चंडीगढ़ में होगा बड़ा प्रदर्शन
बैठक में रामफल कुंडू ने 20 फरवरी को चंडीगढ़ में बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल ने बिना किसी शर्त के बुजुर्गों के सम्मान के लिए बुढ़ापा पेंशन की शुरुआत की थी, लेकिन वर्तमान सरकार नए-नए नियम लगाकर बुजुर्गों का हक छीनना चाहती है, जिसे इनेलो बर्दाश्त नहीं करेगी।
गांव-गांव जाकर बुजुर्गों से संपर्क का आह्वान
जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत ने कहा कि सभी हल्का प्रधान अपने-अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं के साथ गांव-गांव जाकर बुजुर्गों से मिलें और उन्हें विश्वास दिलाएं कि उनकी पेंशन पर डाका नहीं डालने दिया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक बुजुर्गों को 20 फरवरी के प्रदर्शन में शामिल कराने की अपील की।
इनेलो बनेगी तीसरा मजबूत विकल्प
कुणाल गहलावत ने कहा कि पिछले नगर निगम चुनाव में सोनीपत के करीब 75 प्रतिशत मतदाता कांग्रेस और भाजपा से नाराज थे और उन्होंने मतदान तक नहीं किया। इस बार इनेलो जनता को एक मजबूत तीसरा विकल्प देने जा रही है, जिससे नगर निगम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
बैठक में बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश सचिव कृष्ण मलिक, भूपेंद्र मलिक, सुरेश त्यागी, बबलू नांदल, बलजीत नैन, सुरेंद्र सिरसाढ़, गोपाल जाजी, बिट्टू मास्टर, बलवान नंबरदार, प्रदीप दहिया, विकास मलिक, मनजीत फोगाट, रामकिशन मलिक, अमित सैनी, आनंद शर्मा, अतर सिंह लिबासपुर, सुनील ढाका, अनिल मलिक, साबर मलिक, सतीश डाबरपुर, फूल कुमार चौहान, राकेश जैन, दलबीर रतनगढ़, जयसिंह दहिया, धर्मबीर दहिया, धर्मबीर फोगाट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *