सांसद जयप्रकाश ने सरकार को घेरा:कहा- इंदौर में हुई मौतों पर तय हो जिम्मेदारी, मनरेगा मुद्दे पर आंदोलन के दिए संकेत

सांसद जयप्रकाश ने सरकार को घेरा:कहा- इंदौर में हुई मौतों पर तय हो जिम्मेदारी, मनरेगा मुद्दे पर आंदोलन के दिए संकेत

हिसार जिले के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रविवार को कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र और हरियाणा की सरकार पर हमला बोला। सांसद ने इंदौर में दूषित पानी से नवजात बच्चों की मौत के मामले को निंदनीय घटना बताया और सरकार की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। जयप्रकाश ने कहा कि मनरेगा के तहत पहले होने वाले वाटर वर्क्स, नालों और जलघरों की नियमित सफाई को सरकार ने बंद कर दिया, जिसके कारण पानी दूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वाटर वर्क्स की सफाई और पानी में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का सही तरीके से प्रयोग नहीं होगा, तो ऐसी घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं। जलघरों की सफाई की मांग सांसद जयप्रकाश ने मिनी खेड़ा का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां ग्रामीणों ने खुद जलघर की सफाई करवाई, जबकि वे लंबे समय से विभाग से शिकायत कर रहे थे। सांसद ने कहा कि बाढ़ और जलभराव के बाद हिसार सहित पूरे हरियाणा में जलघरों और नहरों में भारी गंदगी जमा हो गई है, लेकिन सरकार ने इसकी सफाई नहीं करवाई। उन्होंने सरकार से मांग की कि जहां-जहां बाढ़ का पानी या जलस्तर बढ़ा है, वहां तत्काल सभी जलघरों की सफाई कराई जाए। सरकार पर साधा निशाना मनरेगा पर बोलते हुए जयप्रकाश ने कहा कि केंद्र ने 40 प्रतिशत हिस्सेदारी राज्यों पर डाल दी है, जबकि हरियाणा सरकार 10 प्रतिशत हिस्सा भी नहीं दे रही। सरपंचों ने उन्हें बताया कि पंचायतों के पक्के बिल तक लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर योजनाओं के नाम बदले जा रहे हैं, जो गलत है। मनीष ग्रोवर ने बयान पर पलटवार रोहतक में भाजपा नेता मनीष ग्रोवर ने बयान दिया था कि” मैं हुड्डा के घर पैदा नहीं हुआ इसलिए जाट समाज ने मुझे वोट नहीं दिया”इस पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जाति और धर्म के नाम पर वोट मांगना गलत है।उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेता मनीष ग्रोवर ने अच्छे काम किया होता,तो जनता उन्हें जरूर वोट देती। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने समय में काफी विकास कार्य करवाए हैं. जनहित के मुद्दों पर आंदोलन के संकेत भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जुड़े जमीन मामले पर उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में है। जहां तक मुझे जानकारी मिली है कि हुड्डा के खिलाफ कोई आरोप पत्र दाखिल नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार पर घोटालों की लंबी फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल है। कांग्रेस सांसद ने संकेत दिए कि मनरेगा और जनहित के मुद्दों पर पार्टी आने वाले समय में बड़ा आंदोलन कर सकती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *