Personal Finance Tips: हमारे देश में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिनकी सैलरी 30-35 हजार रुपये महीना से अधिक नहीं है। महंगाई के इस दौर में ऐसे लोगों को लगता है कि घर और कार के सपने देखना उनके बूते से बाहर है। अगर वे लोन पर भी घर और कार खरीदें, तो ईएमआई नहीं भर पाएंगे। तो क्या ऐसे लोगों को अपने घर का या अपनी खुद की कार का सपना नहीं देखना चाहिए? वो कहते हैं ना कि मन लगाकर खोजो तो हर प्रॉब्लम का सॉल्यूशन मिल जाता है। पर्सनल फाइनेंस की दुनिया में कम सैलरी वाले लोगों के लिए भी कई ऑप्शंस हैं, जिनसे वे अपने सपने पूरे कर सकते हैं। आइए जानते हैं।
5000 रुपये महीने की एसआईपी से करें शुरुआत
मान लीजिए कि आपकी 25 साल की उम्र में नौकरी लगी है और आपकी सैलरी 30,000 रुपये महीना है। अब आपको अपनी सैलरी से हर महीने 5000 रुपये बचाकर उसे म्यूचुअल फंड एसआईपी में डालना होगा। साथ ही आपको 12% एनुअल स्टेप अप को भी फॉलो करना होगा। यानी हर साल अपनी मंथली एसआईपी की रकम में 12 फीसदी का इजाफा करना है। इस साल आप 5000 रुपये महीने की एसआईपी कर रहे हैं, तो अगले साल आपको 5,600 रुपये महीने की एसआईपी करनी होगी। हर साल आपकी सैलरी में इंक्रीमेंट होगा, तो आपको यह एनुअल स्टेप अप भारी नहीं लगेगा।
जमा हो जाएंगे 1,09,95,480 रुपये
आपको यह निवेश 20 साल तक करना है। म्यूचुअल फंड में लॉन्ग टर्म में औसत 12 फीसदी सालाना का रिटर्न आसानी से मिल जाता है। इस तरह इस निवेश में आपको मैच्योरिटी पर 1,09,95,480 रुपये मिलेंगे। इसमें 43,23,147 रुपये आपकी निवेश राशि और 66,72,334 रुपये ब्याज आय होगी। मैच्योरिटी के समय आपकी उम्र भी 45 साल हो जाएगी।
| नौकरी की शुरुआत की उम्र | 25 साल |
| शुरुआती सैलरी | 30,000 / महीना |
| शुरुआती SIP | 5,000 / महीना |
| SIP स्टेप-अप | हर साल 12% |
| निवेश अवधि | 20 साल |
| कुल निवेश राशि | 43,23,147 |
| अनुमानित मैच्योरिटी राशि | 1,09,95,480 |
| ब्याज से कमाई | 66,72,334 |
| मैच्योरिटी पर उम्र | 45 साल |
20 साल तक हर महीने मिलेंगे 87,000 रुपये
अब 1,09,95,480 रुपये की रकम में से आप 1 करोड़ रुपये की SWP बनवा लीजिए। यहां करीब 8-9 फीसदी ब्याज मिल जाता है। आप 1 करोड़ रुपये एसडबल्यूपी में डालते हैं, तो आपको 20 साल तक हर महीने 87,000 रुपये ब्याज मिलेगा। इसके बाद भी आपके पास मैच्योरिटी पर 4,64,010 रुपये बच जाएंगे। यहां हमने ब्याज दर 9 फीसदी ली है।
| विवरण | आंकड़े |
|---|---|
| SIP निवेश से मैच्योरिटी राशि (45 साल की उम्र में) | ₹1,09,95,480 |
| SWP में डाली गई राशि | ₹1,00,00,000 |
| ब्याज दर (SWP) | 9% |
| मासिक आय (20 साल तक) | ₹87,000 |
| अवधि | 20 साल |
| 20 साल बाद शेष राशि | ₹4,64,010 |
| मासिक आय से उपयोग | होम लोन व कार लोन की EMI भुगतान |
ब्याज आय में से भरें घर और कार की EMI
अब आप 45 साल की उम्र में होम लोन और कार लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। आप 20 साल का होम लोन बनवा सकते हैं। इन दोनों लोन की ईएमआई आप SWP से हर महीने मिलने वाली 87,000 रुपये की ब्याज आय से चुका सकते हैं। इस तरह आप पर ईएमआई का कोई भार भी नहीं पड़ेगा और घर व कार भी आ जाएगी। SWP से होने वाली यह ब्याज आय इतनी है कि महंगाई का असर जोड़ने के बाद भी आप आसानी से ईएमआई भर सकेंगे।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सूचना मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)


