Market Update: रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर 89.97 प्रति डॉलर पर

Market Update: रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर 89.97 प्रति डॉलर पर

रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.97 पर आ गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी से घरेलू मुद्रा दबाव में रही।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका के शुल्क बढ़ाने की चिंताओं और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने विदेशी निवेशकों द्वारा शेयर की बिकवाली को बढ़ावा दिया जिससे स्थानीय मुद्रा पर और दबाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.88 पर खुला। हालांकि बाद में फिसलकर 89.97 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट दर्शाता है।

विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत रुख के कारण रुपया बृहस्पतिवार को तीन पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.90 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 98.93 पर स्थिर रहा।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 78.84 अंक टूटकर 84,102.12 अंक पर जबकि निफ्टी 21.50 अंक फिसलकर 25,850.85 अंक पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 62.32 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,367.12 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *