छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक व्याख्याता पर अपनी निजी कार में ‘डिप्टी कलेक्टर’ का नेम प्लेट लगाकर स्कूल आने का आरोप लगा है। वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल बसंतपुर में पदस्थ व्याख्याता अरविंद गुप्ता का मामला उनकी कार की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सामने आया। स्थानीय लोगों के अनुसार, व्याख्याता अरविंद गुप्ता हर दिन अपनी कार पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड लगाकर स्कूल पहुंचते थे। किसी व्यक्ति ने उनकी कार की तस्वीर मोबाइल से खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर दी। लोगों का कहना है कि एक शिक्षक का सरकारी पद का दुरुपयोग करना और गलत तरीके से नेम प्लेट लगाना एक गंभीर अपराध है। ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग उन्होंने विभाग से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, व्याख्याता अरविंद गुप्ता पर पहले भी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं और उन पर निलंबन की कार्रवाई भी की जा चुकी है। ‘डिप्टी कलेक्टर’ की नेम प्लेट लगाकर स्कूल आने के इसी तरह के एक पुराने मामले में भी जांच हुई थी, लेकिन आरोप लगाने वाले की अनुपस्थिति में जांच पूरी कर दी गई थी। बेटी के डिप्टी कलेक्टर पद का हवाला दिया जिसे प्रभावित बताया गया था। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि अरविंद गुप्ता अपनी बेटी के डिप्टी कलेक्टर पद का हवाला देकर प्रभाव का दुरुपयोग करते हैं और लंबे समय से अनुशासनहीनता करते आ रहे हैं। DEO ने दिया कार्रवाई का आश्वासन इस मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने कहा कि वायरल फोटो और आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। उन्होंने बताया कि मामले की पुनः जांच करवाई जाएगी और यदि आरोप प्रमाणित पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


