गुजरात के बयान से पंजाब में घिरे केजरीवाल:कहा- बाढ़ पीड़ितों को ₹50–50 हजार दिए; किसान नेता बोले- 2400 गांवों में बाढ़ आई, सिर्फ 53 में बंटा

गुजरात के बयान से पंजाब में घिरे केजरीवाल:कहा- बाढ़ पीड़ितों को ₹50–50 हजार दिए; किसान नेता बोले- 2400 गांवों में बाढ़ आई, सिर्फ 53 में बंटा

तारीख: 31 अक्टूबर 2025 जगह: सुरेंद्र नगर, गुजरात पंजाब के CM भगवंत मान की मंच पर मौजूदगी के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने किसान महापंचायत में कहा– आप लोगों ने सुना होगा, अभी थोड़े दिन पहले पंजाब में बहुत बड़ी बाढ़ आई थी। ऐतिहासिक बाढ़ आई थी। पंजाब में 23 जिले हैं और सभी जिलों में बाढ़ आई थी। एक महीने के अंदर भगवंत मान साहब ने सभी पीड़ितों के अकाउंट के में 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर के हिसाब से जमा करा दिए। जैसे ही इसका वीडियो पंजाब में पहुंचा तो केजरीवाल अपने दावे पर घिर गए। विपक्षी दलों ने तो उनके दावे की बखिया उधेड़ी ही, बाढ़ पीड़ितों से लेकर किसान नेताओं ने भी इसे कोरा झूठ करार दे दिया। विपक्षी दलों ने इसे AAP का झूठ बोलने वाला चरित्र करार देते हुए तरनतारन उपचुनाव में मुद्दा तक बना लिया। किसान नेताओं ने कहा- 2400 गांवों में बाढ़ आई, मुआवजा सिर्फ 53 में बंटा, वह भी सिर्फ अपने चहेतों को। केजरीवाल का दावा 100% झूठा है। किसान नेताओं ने केजरीवाल के बयान पर क्या कहा… मनजीत राय बोले- 53 गांवों में 5.16 करोड़ बंटा, नुकसान 12 हजार करोड़ का
भारतीय किसान यूनियन दोआबा के प्रधान मनजीत सिंह राय ने कहा कि गुजरात में दिया गया अरविंद केजरीवाल का बयान 100 प्रतिशत झूठा है। सरकार मानती है कि पंजाब के 2400 गांव बाढ़ की जद में आए और कम से कम 12 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा, किसान परेशान
उन्होंने कहा कि सरकार ने मुआवजे के नाम पर सिर्फ 53 गांवों में 5.16 करोड़ रुपए की राशि बांटी है। उन्होंने कहा कि 53 गांवों में भी सभी को मुआवजा नहीं मिला है। सरकार ने यह राशि भी अपने चहेतों को दी है। आम आदमी पार्टी झूठ बोलना बंद करे। किसान एक तरफ परेशान हैं दूसरी तरफ उनके जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है। गिने चुने किसानों को मुआवजा देकर झूठा प्रचार कर रही आप: पंधेर
किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवन सिंह पंधेर का कहना है कि अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में 100 फीसदी से ज्यादा झूठ बोला है। उन्होंने कहा कि 2400 गांवों के किसान आज भी मुआवजे के लिए सरकार की राह देख रहे हैं। लोगों की फसलें बर्बाद हो गई। घर टूट गए। किसी को पांच पैसे मुआवजा नहीं मिला। कुछ अपने चहेतों को उन्होंने चेक दिए हैं। उनमें से भी कई चेक पास नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि आप इस तरह झूठा प्रचार न करे। विपक्षी दलों ने केजरीवाल के दावे पर क्या कहा.. सुखबीर बादल बोले- सब झूठ, लोग रो रहे, एक रुपया नहीं मिला
शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने केजरीवाल के बयान को राजनीतिक मुद्दा बना दिया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल कुछ दिन पहले गुजरात में झूठ बोल गए। 50 हजार रुपए देने की बात पूरी तरह झूठी है। अभी तक किसी को एक रुपया मुआवजा नहीं मिला। मैं हर गांव में होकर आया। लोग रो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की फसलें बर्बाद हो गई। घर टूट गए। जानवरों का नुकसान हो गया। एक रुपया नहीं दिया। अपने आप को आम आदमी पार्टी का प्रेजिडेंट बोलते हैं और लोगों के सामने झूठ बोलते हैं। यह एक उदाहरण है कि आम आदमी पार्टी घटिया राजनीति करती है। भाजपा ने कहा– ये आपदा में अवसर वाले बहरूपिए, एक किसान लाकर दिखाओ
भाजपा ने केजरीवाल के साथ CM भगवंत मान पर भी सवाल खड़े किए। भाजपा महासचिव परमिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि ये आपदा में अवसर ढूंढने वाल बहरूपिए हैं। पंजाब के लोगों, किसानों का दुख बेचकर वोट हासिल करने वाले लोग हैं। पंजाब के लोग बाढ़ के शिकार हो गए और ये उस चीज को वोट में कनवर्ट करने के लिए पूरे देश में झूठा प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल को चुनौती दी कि पंजाब का एक किसान ले आओ, जिसके खाते में आपने 50 हजार रुपए डाल दिए हैं। उसी स्टेज पर भगवंत मान खड़े थे और चुपचाप केजरीवाल का झूठ सुन रहे थे। भगवंत मान साहब मान लो कि मैं रबड़ स्टेंप हूं। जो केजरीवाल कहते हैं वो सच हे। मेरे पल्ले कुछ नहीं है। पंजाबियों पर तरस खाओ। 50 दिन हो गए, पंजाब के किसानों को मुआवजा नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *