बस्ती में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने संभल सांसद जियाउर्रहमान के हालिया बयान को ‘देशद्रोही’ करार देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जगदंबिका पाल गुरुवार को अपने पैतृक गांव बंकटी के भरवलिया में पिता सूर्य बक्शी पाल की 31वीं पुण्यतिथि में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जियाउर्रहमान ने कुंभ मेले को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा कि “कुंभ मेले में यदि हमारे लोगों को वहां से भगाया गया तो दरगाहों पर जो हिंदू लोग जाते हैं, उनको हम जाने नहीं देंगे।” जगदंबिका पाल ने आरोप लगाया कि जियाउर्रहमान इस तरह के भड़काऊ बयान देकर सांप्रदायिक तनाव बढ़ाना चाहते हैं और कानून व्यवस्था को प्रभावित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जियाउर्रहमान और उनके पिता ‘वंदे मातरम’ नहीं गाते, जो राष्ट्रगीत होने के नाते देश की एकता का प्रतीक है। जगदंबिका पाल ने जोर देकर कहा कि ‘वंदे मातरम’ तमिल, तेलुगु, बंगाली, हिंदी या भोजपुरी बोलने वाले सभी लोगों को एकजुट करता है और इसे न गाना देशद्रोही कार्य माना जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।


