दिल्ली में जारी सुरक्षा अलर्ट के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में थाना कोतवाली गैसड़ी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी दुर्विजय सिंह के नेतृत्व में इस संयुक्त टीम ने रजडे़रवा इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में स्थित सभी चेक पोस्टों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान सीमा पार आने-जाने वाले व्यक्तियों, वाहनों और मालवाहक साधनों की गहन जांच-पड़ताल की गई। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय सिंह ने बताया कि दिल्ली सहित देशभर में सुरक्षा अलर्ट के मद्देनजर सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। आगामी त्योहारों और स्थानीय आयोजनों के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि, तस्करी या संदिग्ध आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती गांवों के स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या एसएसबी को देने की अपील की। इस संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य सीमा क्षेत्र में आपराधिक और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। दिल्ली में जारी अलर्ट के बीच इस कार्रवाई को एक एहतियाती सुरक्षा कदम के तौर पर देखा जा रहा है।


