इंडियन आइडल-3 के विनर प्रशांत तमांग का निधन:कार्डियक अरेस्ट आया, पाताललोक सीरीज में दिखे थे, सलमान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में काम किया

इंडियन आइडल-3 के विनर प्रशांत तमांग का निधन:कार्डियक अरेस्ट आया, पाताललोक सीरीज में दिखे थे, सलमान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में काम किया

इंडियन आइडल सीजन 3 के विनर प्रशांत तमांग का रविवार को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। 43 साल के प्रशांत का निधन दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर पर हुआ। पीटीआई के अनुसार, सिंगर-एक्टर काे कार्डियक अरेस्ट आने बाद दिल्ली के द्वारका स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। प्रशांत टीवी शो इंडियन आइडल सीजन 3 जीतकर मशहूर हुए थे। वह वेब सीरीज पाताललोक के दूसरे पार्ट में भी नजर आए थे। प्रशांत इसके अलावा सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में भी नजर आने वाले हैं, जो 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म गोरखा पल्टन से एक्टिंग की शुरुआत की थी इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत तमांग ने अपना पहला एल्बम धन्यवाद रिलीज किया था। उन्होंने विदेशों में भी कई लाइव शो किए। प्रशांत सिंगर होने के साथ-साथ एक्टर भी थे। साल 2010 में उन्होंने नेपाली फिल्म गोरखा पल्टन से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद वह अंगालो यो माया को, किन माया मा, निशानी और लाडैन जैसी कई फिल्मों में नजर आए थे। प्रशांत को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, निधन से पहले प्रशांत को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। बताया गया कि उनकी मौत की जानकारी सबसे पहले उनकी सास को मिली। इसके बाद उन्होंने इंडियन आइडल में उनके दोस्त अमित पॉल को बताया। अमित ने फिर सोशल मीडिया पर यह खबर शेयर की। अमित ने पोस्ट में लिखा कि यह सब कितना गलत लग रहा है। दुनिया अब पहले जैसी नहीं रहेगी। वह अभी भी इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं कि उनका दोस्त उन्हें छोड़कर चला गया है। प्रशांत ने दार्जिलिंग के सेंट रॉबर्ट स्कूल से पढ़ाई की थी। एक हादसे में पिता के निधन के बाद उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी और वह अपने पिता की जगह कोलकाता पुलिस में कॉन्स्टेबल के तौर पर भर्ती हो गए। कोलकाता पुलिस में रहते हुए वह पुलिस ऑर्केस्ट्रा के लिए गाना गाते थे। उन्होंने साल 2007 में सिंगिंग शो इंडियन आइडल के सीजन 3 में हिस्सा लिया था। शो में पहुंचने के बाद प्रशांत पश्चिम बंगाल, सिक्किम और दार्जिलिंग में बेहद लोकप्रिय हो गए। कोलकाता पुलिस में कॉन्स्टेबल होने के कारण विभाग के अधिकारियों ने भी उनका साथ दिया। प्रशांत को ग्रैंड फिनाले में रिकॉर्ड 700 लाख (70 मिलियन) से अधिक वोट मिले थे, जो उस समय के हिसाब से एक बड़ी उपलब्धि थी। शो जीतने पर इनाम में उन्हें 1 करोड़ रुपए और एक मारुति सुजुकी एसएक्स4 कार मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *