प्रयागराज में आज डायनिमिक डीवाज़’ क्लब की ओर से आयोजित समारोह में लोहड़ी का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रंग में मनाया गया। पारंपरिक लोकगीतों से लेकर बॉलीवुड के मशहूर गीतों तक, हर धुन पर महिलाओं की तालियों, ठहाकों और कदमों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं जब ढोल-ताशों की थाप पर थिरकीं, तो यह नजारा देखने लायक था। यह रंगारंग कार्यक्रम मुट्ठीगंज में निजी होटल में दिनांक 10 जनवरी को आयोजित किया गया था। क्लब द्वारा आयोजित इस लोहड़ी महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और पूरे जोश के साथ पर्व की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम स्थल को लोहड़ी की थीम पर सजाया गया था, जहां पारंपरिक अंदाज और आधुनिक मनोरंजन का सुंदर संगम देखने को मिला। समारोह के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी और भारतीय परिधानों में ढोल की धुन पर जमकर नृत्य किया। अंताक्षरी, फिल्मी गानों पर डांस, म्यूजिकल चेयर सहित कई फन गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की “फुल ऑन मस्ती” साफ नजर आई कभी ठहाकों की गूंज, तो कभी तालियों की आवाज माहौल को और भी जीवंत बना रही थी। क्लब की सदस्यों ने बताया कि ‘डायनिमिक डीवाज़’ क्लब की शुरुआत वर्ष 2023 में उन सात सहेलियों ने की थी, जो पिछले 25 वर्षों से एक-दूसरे के साथ जुड़ी हुई हैं। आज इस क्लब से 100 से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं। क्लब का उद्देश्य सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय तीज-त्योहारों की परंपराओं को जीवित रखना है। कार्यक्रम की ऑर्गेनाइजर ने बताया कि लोहड़ी एक ऐसा पर्व है, जिसकी तारीख कभी नहीं बदलती। यह त्योहार सूर्य देवता, प्रकृति और किसानों के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को घर से बाहर निकलने, आपसी मेल-जोल बढ़ाने और तनावमुक्त होकर उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलता है।


