नूंह जिले में पुन्हाना उपमंडल की ग्राम पंचायत नहेदा के पिछड़ा वर्ग-ए से निर्वाचित सरपंच जुबैर खान ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने पंचायत के कामकाज पर कब्जा कर लिया है और सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दबंगों पर पंचायत रिकॉर्ड कब्जाने का आरोप सरपंच जुबैर खान के अनुसार, गांव के कुछ दबंग लोगों ने पंचायत सचिव के साथ मिलकर उनके घर से पंचायत का पूरा रिकॉर्ड उठा लिया। उन्होंने कहा कि घोटाले को अंजाम कोई और दे रहा है, लेकिन कानूनी कार्रवाई का खतरा उनके सिर पर मंडरा रहा है। सरपंच की पत्नी से झांसे में लेकर ले गए रिकॉर्ड पुलिस को दी शिकायत में जुबैर खान ने बताया कि वह भाजपा सरकार की 8 प्रतिशत आरक्षण नीति के तहत सरपंच चुने गए थे। कार्यभार संभालने के कुछ समय बाद, जब वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे, तब 4 फरवरी 2023 को गांव के नसरू, असरु, अय्यूब और युनुस उनके घर पहुंचे। उन्होंने सरपंच की पत्नी से यह कहकर पंचायत का रिकॉर्ड ले लिया कि सरपंच ने मंगवाया है। वापस लौटने पर उन्हें रिकॉर्ड गायब मिला और कई बार मांगने तथा पंचायतें होने के बावजूद रिकॉर्ड वापस नहीं किया गया। डेढ़ करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप सरपंच ने आरोप लगाया है कि पंचायत अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी योजनाओं में बड़े घोटाले किए गए। बैंक स्टेटमेंट की जांच से पता चला है कि पंचायत खाते से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकाली गई है, जबकि गांव में कोई बड़ा विकास कार्य धरातल पर नजर नहीं आता। आरोप है कि यह रकम फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए निकाली गई है। चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी जांच अधिकारी सुभाष कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सरपंच की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। वहीं, इस संबंध में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कपिल से संपर्क नहीं हो सका है।


