हरियाणा सरकार की ओर से किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद आईएएस महेंद्र पाल (2017 बैच) ने बुधवार को हिसार के नए उपायुक्त (DC) का पदभार संभाल लिया। उन्होंने पूर्व डीसी अनीश यादव की जगह ली है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद, उन्होंने अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और शहर की प्राथमिकताओं को समझा। पत्रकारों से बातचीत में DC महेंद्र पाल ने प्राथमिकताएं सामने रखीं। नए डीसी महेंद्र पाल ने साफ किया कि उनका मुख्य फोकस जनता के कार्यों को पारदर्शी और त्वरित तरीके से पूरा करने पर रहेगा। बता दें कि आईएएस महेंद्र पाल पहले भी हरियाणा में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पास प्रशासनिक कार्यों का अच्छा अनुभव है, जिसका लाभ अब हिसार जिले को मिलेगा। डीसी महेंद्र पाल ने कहा- मेरी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी देरी और बिचौलियों के मिले। ईमानदारी और पारदर्शिता प्रशासन की पहचान होगी। शिकायतों पर त्वरित एक्शन होगा
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो या अन्य माध्यमों से आने वाली शिकायतों का निपटारा समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। अधिकारी सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि हिसार के विकास कार्यों को गति देना, खासकर इन्फ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। अधिकारियों को निर्देश दिए
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने और जनता के प्रति संवेदनशील होने का निर्देश दिया। महेंद्र पाल ने कहा “हिसार एक महत्वपूर्ण जिला है और यहां की जनता की अपेक्षाएं पूरी करना मेरी जिम्मेदारी है। हम मिलकर काम करेंगे ताकि हिसार को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सके।”


