अलीगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ने की पुलिस पर फायरिंग:पिस्टल के दम पर आरोपी ने शराब के ठेके में की थी लूट, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

अलीगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ने की पुलिस पर फायरिंग:पिस्टल के दम पर आरोपी ने शराब के ठेके में की थी लूट, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में बीते दिनों पिस्टल के दम पर देशी शराब के ठेके में लूट करने वाले आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आरोपी पर फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल होने के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने शराब के ठेके में लूट और दिन दहाड़े लूट की घटना को कबूल किया है। इसके अलावा आरोपी ने बीते दिनों दिन दहाड़ें महिला से भी लूट की थी और मौके से फरार हो गया था। जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। देर रात चेकिंग कर रही थी पुलिस हरदुआगंज में बीते दिनों हुई अपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस को मुखबिर से आरोपियों की सूचना मिली थी। जिसके बाद हरदुआगंज पुलिस और क्रिमिनल इंटेलीजेंस की टीम 12 नवंबर की रात 2 बजे गुरसिकरन के पास वाहनों की जांच कर रही थी। देर रात में पुलिस को एक बाइक पर तीन लोग बैठकर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी बाइक फिसल गई। जिसके बाद आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंशुल यादव उर्फ कप्तान पुत्र राजेंद्र निवासी टुआमई थाना अकराबाद घायल हो गया। आरोपी ने कबूल की लूट की घटनाएं आरोपी अंशुल के घायल होने के बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद हुई पूछताछ में उसने बताया कि बीते दिनों 31 अक्टूबर को उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर गुरसिकरन में देशी शराब के ठेके में लूट की थी। आरोपियों ने पिस्टल के दम पर लूट की थी और यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने शराब के ठेके में लूट के साथ ही 7 नवंबर को अलहदादपुर में महिला के साथ हुई लूट की घटना को भी कबूल किया है। आरोपी ने दिन दहाड़े मौसी के साथ बाइक से लौट रही महिला के कान के कुंडल और अंगूठियां लूट ली थी। जिसके बाद पीड़ित महिला ने हरदुआगंज थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ दर्ज हैं 15 मुकदमें गिरफ्तार किया गया आरोपी अंशुल यादव उर्फ कप्तान पेशेवर अपराधी है। आरोपी के खिलाफ अकराबाद थाने में डी-95 गैंग रजिस्टर्ड है। आरोपी इस गैंग का लीडर है और अपने गैंग के साथ मिलकर अपराध करता है। इसके साथ ही अकराबाद थाने में आरोपी की हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। आरोपी के खिलाफ 15 नामजद मुकदमें दर्ज हैं। इसमें से 11 अकराबाद थाने में हैं। जबकि 1 छर्रा में और 3 हरदुआगंज थाने में दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस की फायरिंग में आरोपी अंशुल के गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। हरदुआगंज इंस्पेक्टर क्राइम अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से एक तमंचा और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *