Dhanteras 2025: देशभर में आज धनतेरस मनाई जा रही है। धनतेरस का दिन दिवाली सेलिब्रेशन का पहला दिन होता है। धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि धनतरेस पर सोना खरीदने से सालभर समृद्धि बनी रहती है। आप भी अगर धनतरेस पर सोना खरीदने जा रह हैं, तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए। आइए जानते हैं कि आपको क्या सावधानी रखनी है।
- सोने की कीमतों में अंतर
देशभर में सोने की कीमतें अलग-अलग होती हैं। इस क्षेत्रीय अंतर को समझना जरूरी है, ताकि आप ज्यादा भुगतान करने से बच सकें। परिवहन शुल्क, स्थानीय टैक्स और सिटी स्पेसिफिक मांग जैसे फैक्टर अंतिम कीमत तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सबसे सटीक भाव जानने के लिए, इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) जैसे भरोसेमंद सोर्सेज पर भरोसा करें, जो बेंचमार्क दरें प्रदान करते हैं। सुबह और शाम दोनों समय भाव जानें, क्योंकि कीमतें दिन में दो बार बदलती हैं।
- कितना प्योर है आपका सोना
आज के बाजार में जब ढेरों विकल्प मौजूद हैं, सोने की शुद्धता की पुष्टि करना बहुत जरूरी है, ताकि आप नकली या कम गुणवत्ता वाले उत्पादों से बच सकें। शुद्धता कैरेट में मापी जाती है। 24 कैरेट सबसे शुद्ध होता है। जबकि अधिकांश ज्वेलरी 14K से 22K के बीच होती है ताकि, मजबूती और टिकाऊपन बना रहे। हालांकि, अब सोने का हॉलमार्क लगाना अनिवार्य हो गया है, फिर भी खरीदारों को हमेशा ज्वेलरी पर खुदा हुआ हॉलमार्क यूनिक आईडेंटिफिकेशन (HUID) नंबर जांचना चाहिए।
- हॉलमार्क को वेरीफाई कर लें
सोने की शुद्धता पता करने का सबसे भरोसेमंद तरीका भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का हॉलमार्क है, जो अब भारत में स्टैंडर्ड बन गया है। हर हॉलमार्क लगी वस्तु पर एक छह अंकों का अल्फ़ान्यूमेरिक HUID कोड होता है, जिसे BIS Care मोबाइल ऐप के जरिए वेरीफाई किया जा सकता है। आपको यहां बस कोड दर्ज करना है और आपको तुरंत ज्वेलर का रजिस्ट्रेशन, हॉलमार्किंग सेंटर, आर्टिकल का प्रकार, हॉलमार्किंग की तारीख और शुद्धता स्तर की जानकारी मिल जाएगी।
- मेकिंग चार्ज, वेस्टेज और अंतिम कीमत को समझें
सोना खरीदते समय केवल बेस रेट पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि कई अतिरिक्त शुल्क अंतिम कीमत बढ़ा सकते हैं। इनमें सबसे बड़ा कंपोनेंट मेकिंग चार्ज होता है। मेकिंग चार्ज में लेबर, कारीगरी और उत्पादन के दौरान थोड़े सोने के नुकसान की लागत शामिल होती है। यह आमतौर पर साधारण मशीन से बनी ज्वेलरी के लिए 5 से 8% और जटिल, हाथ से बनी ज्वेलरी के लिए 20-30% तक होता है। खरीदारों को वेस्टेज चार्ज के बारे में भी जानकारी रखनी चाहिए, जो कस्टम डिजाइन तैयार करते समय थोड़े सोने के नुकसान को दर्शाता है।

- पत्थरों की कीमत अलग हो
कई ज्वेलरी में रत्न या पत्थर जड़े होते हैं। अगर ज्वेलरी में रत्न, या हीरे लगे हैं, तो सुनिश्चित करें कि इनकी कीमत अलग से बिल की गई हो, ताकि सोने के हिस्से के लिए ज़्यादा भुगतान न करना पड़े।
- ठगी से बचें
हमेशा हॉलमार्क लगी ज्वेलरी ही खरीदें, ताकि शुद्धता वैसी ही हो जैसी बताई गई है। हिडन चार्जेज से सावधान रहें, खासकर वह अतिरिक्त फीस जो पहले से नहीं बताई गई हो। सबसे सुरक्षित तरीका है, केवल भरोसेमंद ज्वेलर्स से खरीदना, हॉलमार्क और HUID नंबर की जांच करना, और हर लेनदेन के लिए पूरा पक्का बिल लेना।


