25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार:महताब हत्याकांड में 2 साल से फरार चल रहा था आरोपी

25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार:महताब हत्याकांड में 2 साल से फरार चल रहा था आरोपी

धौलपुर पुलिस ने महताब हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 25,000 रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर ज्वाला प्रसाद को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करीब दो साल से फरार चल रहा था और ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। मनियां थाना पुलिस ने उसे धौलपुर शहर में पीछा कर दबोच लिया। यह मामला 8 सितंबर 2023 को मनियां थाने में श्यामसुंदर गुर्जर की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, महताब पुत्र प्रद्युम्न सिंह जलालपुर में पवन सरपंच के टेंट हाउस पर कुर्सी पर बैठे थे, तभी सुमित, अमित (ज्वाला प्रसाद का पुत्र), सोनू (रामबकील का पुत्र) और सोनू (लक्ष्मणसिंह का पुत्र) मोटरसाइकिल पर पहुंचे और महताब को दुकान से बाहर घसीटकर सड़क पर पटक दिया और गोली मार दी। वारदात में भरत, जीतेंद्र, गब्बर, धवल, ज्वाला, लोचनसिंह, पप्पू, देवा और 3–4 अन्य आरोपी भी शामिल थे। ये सभी वाटरवर्क्स रोड और मनियां मुख्य हाईवे के आसपास निगरानी कर रहे थे। घटना के बाद सभी फरार हो गए थे। इस मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वारदात में प्रयुक्त हथियार व मोटरसाइकिलें भी बरामद की जा चुकी हैं। कई राज्यों में छिपता रहा आरोपी आरोपी ज्वाला प्रसाद पुत्र होतीलाल (50), निवासी जलालपुर, मनियां, एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, मारपीट और प्रयास हत्या सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश में लगातार ठिकाने बदल रहा था। थाना मनियां पुलिस टीम को दीनदयाल हेड कॉन्स्टेबल (स्पेशल टीम धौलपुर) से सूचना मिली कि ज्वाला प्रसाद धौलपुर आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन काफी दूरी तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *