देवरिया के स्कूलों से नहीं हटीं हाईटेंशन लाइनें:करोड़ों का बजट जारी, 100 बच्चों की सुरक्षा पर खतरा

देवरिया के स्कूलों से नहीं हटीं हाईटेंशन लाइनें:करोड़ों का बजट जारी, 100 बच्चों की सुरक्षा पर खतरा

देवरिया जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। करोड़ों रुपये का बजट जारी होने के बावजूद, अधिकांश स्कूलों से हाईटेंशन बिजली लाइनें और ट्रांसफॉर्मर अब तक नहीं हटाए जा सके हैं। कई विद्यालयों में बच्चों के सिर के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। जिले के कुल 2120 परिषदीय विद्यालयों में से 196 विद्यालयों को चिन्हित किया गया था, जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइनें गुजर रही थीं या परिसर में ट्रांसफॉर्मर लगे थे। इन्हें हटाने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन बजट स्वीकृति में देरी के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। बेसिक शिक्षा विभाग ने अगस्त में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर विद्युत निगम के खाते में स्थानांतरित की थी। इसके बाद उम्मीद थी कि सभी विद्यालयों को जल्द ही इस खतरे से मुक्त कर दिया जाएगा। लेकिन आठ महीने बीत जाने के बाद भी, केवल 70 विद्यालयों से ही हाईटेंशन लाइनें हटाई जा सकी हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति लार ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय भूडूसरी की है। यहां विद्यालय परिसर में रखा ट्रांसफॉर्मर करीब 100 बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चे खुले मैदान में खेलने से भी डरते हैं। अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों और परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मरों को हटाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यालयों में कार्य पूरा हो चुका है और शेष बचे विद्यालयों में भी जल्द ही कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि जिले के कई विद्यालयों में अब भी बिजली विभाग द्वारा पोल और हाईटेंशन तार नहीं हटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग से पत्राचार किया जाएगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *