हमास और अन्य फिलिस्तीनी उग्रवादी समूहों ने 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हमला किया, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए। इस हमले के दौरान हमास इजराइल से 251 लोगों को बंधक बनाकर गाजा पट्टी में लेकर चला गया। जिनमें 70 से अधिक महिलाएं, 30 से अधिक बच्चे, 60 से अधिक सैनिक और कई विदेशी नागरिक शामिल थे।
दो वर्ष तक चला संघर्ष
बंधकों को गाजा के विभिन्न स्थानों, सुरंगों और अपार्टमेंटों में रखा गया। दो वर्ष से अधिक समय तक चले संघर्ष के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में शांति स्थापित करने के लिए मध्यस्थता की। जिसके बाद इजराइल और हमास गाजा शांति योजना के तहत युद्धविराम को राजी हो गए।

इजराइल और हमास के बीच गाजा शांति योजना के तहत युद्धविराम के बंधकों को भी रिहा करने का समझौता हुआ। 13 अक्टूबर, 2025 को हमास ने इजराइल को रेड क्रॉस के माध्यम से 20 से अधिक जीवित बंधकों को वापस लौटाया। वहीं, चार बंधकों के शव गाजा से इजराइल पहुंचे।
हमास के पास 20 और बंधकों के शव मौजूद
इजराइल का कहना है कि गाजा में हमास के पास लगभग 20 और इजराइली बंधकों के शव हैं, जिन्हें तुरंत सौंपने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, तामिर निमरोदी नाम का अंतिम बंधक है, जिसे हमास द्वारा न तो मृत घोषित किया गया है और न ही वापस लौटाया गया है। इजराइल ने हमास से तामिर को लेकर ताजा अपडेट देने की मांग की है।
उधर, हमास ने भी स्पष्ट कर दिया है कि इजराइली हमलों की वजह से कई बंधकों के शव लापता हो गए हैं, जिन्हें ढूंढने में 72 घंटे से अधिक समय लग सकता है।
मई में छोड़े गए कुछ बंधक
इससे पहले, 12 मई को हमास ने ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत के बाद इजराइली सेना में तैनात एक इजराइली अमेरिकी नागरिक एडन अलेक्जेंडर को रिहा किया था।
वहीं, इस साल की शुरुआत एक अन्य युद्धविराम समझौते के तहत बंधक बनाकर रखे गए 23 अन्य इजराइली नागरिकों को छोड़ा था।
जिनमें से दो लोगों के पास अमेरिका की भी नागरिकता थी। इस समझौते के तहत वर्षों पहले पकड़े गए दो इजराइली नागरिकों को भी रिहा किया गया। इसके अलावा हमास के हमले के दौरान पकड़े गए पांच थाई नागरिकों को भी अलग से रिहा किया गया।

2023 में इजराइल और हमास के बीच क्या हुआ समझौता?
बता दें कि अक्टूबर 2023 में जब हमास ने इजराइल पर हमला किया तो इजराइल ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ दिनों बाद इजराइल ने भी गाजा पर जोरदार अटैक किया। इसके बाद, कई फिलिस्तीनियों को बंधक बनाकर अपने साथ लेकर चला गया।
इसके बाद, नवंबर, 2023 में इजराइल और हमास के बीच एक और समझौता हुआ। जिसके तहत 240 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले 100 से अधिक इजराइली बंधकों को रिहा किया गया। इसमें 24 विदेश नागरिक भी शामिल थे, जिन्हें हमास के कब्जे से छुड़ाया गया।

60 से अधिक बंधकों की मौत
इसके अलावा, इजराइल ने सैन्य अभियान चलाकर हमास से आठ बंधकों को बचाया था। बाद में हमास ने मानवीय कारणों का हवाला देते हुए चार महिलाओं को रिहा किया था। इसके अलावा, गाजा में हमास के कब्जे में 60 से अधिक बंधकों की मौत की जानकारी मिल रही है।
(वॉशिंग्टन पोस्ट का यह आलेख पत्रिका.कॉम पर दोनों समूहों के बीच विशेष अनुबंध के तहत पोस्ट किया गया है।)


