रांची का बिरसा मुंडा स्टेडियम शनिवार को भारतीय एथलेटिक्स के एक नए युग का गवाह बना। यहां पंजाब के 25 साल स्प्रिंटर गुरिंदरवीर सिंह ने एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ को महज 10.09 सेकेंड में पूरा किया। उन्होंने नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है, क्योंकि भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में पहली बार 100 मीटर रेस में 10.10 सेकेंड का मार्क क्रैक हुआ है यानी कि किसी भारतीय एथलीट ने पहली बार 100 मीटर की रेस को 10.10 सेकेंड से कम समय में पूरा किया। गुरिंदरवीर ने फिनिश लाइन पार करते ही सीने पर लगा बिब नंबर उखाड़ा दिया और जोश में चिल्लाते हुए ट्रैक पर जूते फेंक दिए। उन्होंने कहा- लोग कहते थे कि भारतीयों के पास 100 मीटर के लिए जीन नहीं हैं। मैं सबको गलत साबित करना चाहता था। भारतीय जीन बहुत मजबूत हैं और यह सिर्फ शुरुआत है।’ तीन फोटोज… एशिया के दूसरे सबसे तेज धावक बने गुरिंदरवीर का यह समय इस सीजन में पूरे एशिया का दूसरा सबसे तेज समय है, जो जापान के फुकुतो कोमुरो (10.08 सेकेंड) से सिर्फ .01 सेकेंड पीछे है। इसके साथ ही उन्होंने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन मार्क (10.16 सेकेंड) को भी आसानी से पार कर लिया। सीनियर फेडरेशन कप में गुरिंदरवीर ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी अनिमेष कुजूर को चौंकाते हुए पीछे छोड़ दिया। 5 मिनट में 2 बार टूटा नेशनल रिकॉर्ड यहां पंजाब के गुरिंदरवीर और ओडिशा के अनिमेष के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिले। अनिमेष पिछले साल बनाए गए 10.18 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार थे। लेकिन शुक्रवार को पहले दिन 25 वर्षीय गुरिंदरवीर ने शुरुआती सेमीफाइनल हीट में इसे 10.17 सेकेंड तक कम कर दिया। इसके महज पांच मिनट बाद 22 साल के अनिमेष ने दूसरे सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकेंड का समय निकालकर नेशनल रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया। शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड कुछ ही मिनटों के भीतर दो बार टूटा। फाइनल में अनिमेष से 0.11 सेकेंड तेज दौड़े गुरिंदरवीर गुरिंदरवीर ने फाइनल में अनिमेष से 0.11 सेकेंड तेज दौड़ लगाई। उन्होंने अपने युवा प्रतिद्वंद्वी से कम से कम दो फीट आगे रहते हुए फिनिश लाइन पार की। रिलायंस फाउंडेशन के ही प्रणव गुरव 10.29 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। गुरिंदरवीर ने कहा- ‘बहुत अच्छी फीलिंग है। जैसी ट्रेनिंग चल रही थी, वैसे रिजल्ट भी मिल रहे हैं। आगे भी ट्रेनिंग अच्छी रहेगी और अच्छे रिजल्ट मिलेंगे। ट्रेनिंग में जिन चीजों की कमी थी, उन्हें सुधारा। कमजोरियां दूर कीं, स्ट्रेन्थ बढ़ाई। आखिरी मिनट में फिजिकल से ज्यादा मेंटल गेम होता है। जो अपने आप को मानसिक रूप से मजबूत रख पाएगा, वो जीतेगा।’ विशाला ने 400 मीटर में रिकॉर्ड बनाया गुरिंदरवीर सिंह के अलावा, विशाल ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ को 44.98 सेकेंड में पूरा कर अपना ही नेशनल रिकॉर्ड ध्वस्त किया। वे 45 सेकेंड से कम समय में यह रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। विशाल की यह टाइटमिंग इस सीजन में पूरे एशिया में सबसे तेज है। रेस में तमिलनाडु के राजेश रमेश (45.31s) दूसरे और उत्तर प्रदेश के जय कुमार (45.47s) तीसरे स्थान पर रहे। ————————————— स्पोर्ट्स से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… टेस्ट मैच के बीच लाल की जगह गुलाबी गेंद, दोनों कप्तानों की सहमित जरूरी ICC क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में बड़े बदलावों की तैयारी कर रही है। सबसे अहम प्रस्ताव लाल बॉल से शुरू हुए किसी टेस्ट मैच के बीच गुलाबी गेंद का इस्तेमाल करना है। गेंद उन स्थितियों में बदली जाएगी जब खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया हो। पढ़ें पूरी खबर
गुरिंदरवीर 100m में भारत के सबसे तेज धावक:10.09 सेकेंड में रेस पूरी; बोले- लोग कहते थे भारतीयों में 100 मीटर दौड़ने का जींस नहीं


