फिरोजाबाद रामकुंवर फीडर पर मंगलवार को शटडाउन के दौरान एक हादसा हो गया। नगला राधे ट्यूबवेल लाइन का शटडाउन लेते समय एसएसओ दिग्विजय सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना के बाद बिजली विभाग में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय दिग्विजय सिंह फीडर पर शटडाउन की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इसी दौरान मशीन का फ्यूज अचानक चिपक गया, जिससे तेज धमाका हुआ और चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते आग भड़क उठी और दिग्विजय सिंह उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें आग से बचाया। घटना के तुरंत बाद परिजन और विभागीय कर्मचारी उन्हें उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उन्हें फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल एसएसओ दिग्विजय सिंह ने इस हादसे के लिए विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि संबंधित मशीन काफी समय से खराब थी और इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी, लेकिन समय रहते इसमें सुधार नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं, वहीं कर्मचारियों में इस हादसे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।


